Deoria News: पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की जमीन की पैमाइश के विरोध में नारेबाजी, पुलिस ने पटकी लाठियां
देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में बीते सोमवार को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसके तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी।
विस्तार
देवरिया जिले में फतेहपुर के लेड़हा टोला में सोमवार को वही हुआ, जिसकी आशंका पुलिस को थी। गांव में सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई के लिए पहुंचे पुलिस प्रशासन को प्रेम यादव के समर्थकों का तीव्र विरोध झेलना पड़ा। राजस्व कर्मियों को पैमाइश करने से रोकने की कोशिश पर बवाल बढ़ गया। प्रेम यादव के समर्थकों ने पैमाइश स्थल से लेकर बैरियाघाट चौराहे तक जगह-जगह विरोध प्रदर्शन किया। हालात बेकाबू होने लगे तो एसपी संकल्प शर्मा ने मोर्चा संभाला। पुलिस ने लाठियां भांजकर प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर दिया।
सोमवार की सुबह करीब 11 बजे अभयपुर टोले में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव के मकान की पैमाइश शुरू होते ही धीरे-धीरे लोग जुटते गए। पैमाइश स्थल पर नापी कर रहे राजस्व कर्मियों के पीछे सैकड़ों की संख्या में युवक चलने लगे और हूटिंग करने लगे। इतना ही नहीं, राजस्व टीम की जरीब को इधर-उधर करने लगे। नापी में व्यवधान की सूचना पुलिस अधीक्षक को मिली। वह जिला मुख्यालय से गांव के लिए रवाना हो गए।
इसी दौरान बैरियाघाट पर नापी के विरोध में सड़क जाम कर नारेबाजी कर रहे लोगों के पास अपर पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार पहुंचे और किसी तरह गांव में दाखिल हो गए, लेकिन प्रदर्शनकारी सड़क जाम कर नारेबाजी करते रहे। कुछ ही देर बाद पुलिस अधीक्षक पहुंचे तो प्रेम यादव के समर्थकों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाकर सड़क जाम कर दी। युवक रास्ते से आने-जाने वाले वाहनों को रोक नारेबाजी करने लगे।
हालात देख पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा सड़क पर उतर गए। उन्होंने सड़क पर लाठी पटक कर भीड़ को खदेड़ दिया। गांव में पहुंचने के बाद नापी में भी व्यवधान डालना शुरू कर दिया और भीड़ उग्र होकर रोकने लगी। ज्यों ही जरीब प्रेम के बाउंड्रीवाल की तरफ बढ़ी तो कुछ लोगों ने नारेबाजी करते हुए नापी रोकने का प्रयास किया। भीड़ बेकाबू होते देख पुलिस ने लाठी भांजनी शुरू कर दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
करीब चार बजे पैमाइश पूरी होने के बाद टीम रुद्रपुर तहसील लौट गई। इसी बीच आईआरओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष गगन यादव के पहुंचने पर युवक दोबारा उग्र हो गए। पुलिस ने सख्ती दिखाई तो पांच लोगों ने प्रेम यादव के परिजनों से मिलने पर सहमति जताई। नारेबाजी कर रहे युवक खेत की पगडंडियों के रास्ते फतेहपुर जाने लगे, लेकिन पुलिस की जगह-जगह किलेबंदी को पार नहीं कर पाए।
बता दें कि फतेहपुर गांव के लेड़हा टोला में सामूहिक हत्याकांड में नामजद प्रेम यादव समेत पांच आरोपियों के घर पर शुक्रवार की शाम प्रशासन ने सरकारी जमीन से बेदखली का नोटिस चस्पा करा दिया है। नोटिस चस्पा होने के बाद गांव में हड़कंप मच गया है। सरकारी जमीन पर मकान बनवाने के मामले में प्रेम यादव पर 31 हजार और चार अन्य आरोपियों पर 39 हजार का जुर्माना लगाया गया है।
इसे भी पढ़ें: 30 नहीं 100 से अधिक थे हमलावर, प्रेम के चालक बोला- साहब! किसी को छोड़ने का नहीं था इरादा
दरअसल, लेखपाल ने रिपोर्ट दी है कि इन आरोपियों ने सरकारी जमीन पर मकान बनवा लिया है। इसके बाद तहसीलदार कोर्ट में पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव के पिता समेत पांच आरोपियों के खिलाफ धारा 67 एक के तहत केस चलाया गया। नोटिस चस्पा होने के बाद अब कभी भी इन पांचों मकानों पर बुलडोजर चल सकता है।
बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में बीते सोमवार को सुबह छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई। इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसके तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है।