देवरिया। लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास बरातियों से भरी तेज रफ्तार बोलेरो पेड़ से टकरा गई, जिससे उसमें सवार आठ लोगों की मौत हो गई। मृतकों में से सात लोग एक ही गांव के हैं। हादसे में तीन अन्य गंभीर रुप से जख्मी हुए हैं, जिन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया गया। मंगलवार की रात करीब एक बजे बरात से लौटते वक्त हादसा हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखचे उड़ गए।
सदर कोतवाली के खोराराम गांव निवासी महेंद्र वर्मा के बेटे अनिल की बरात भाटपाररानी क्षेत्र के सोहनपुर में गई थी। रात में जयमाल के बाद एक बोलेरो में 11 बराती सवार होकर घर लौटने लगे। देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर लक्ष्मीनारायण मंदिर के पास मोड़ पर चालक को झपकी आ गई। तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराते हुए वापस उसी दिशा में घूम गई। हादसे में बोलेरो सवार अमेरिका (60), सत्यनारायण उर्फ सत्तन चौहान (65), मुनीम (65), बहादुर (50) और चालक झुनझुन शर्मा (25) की मौके पर ही मौत हो गई। शिवपूजन (70) और सचिन (15) ने अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। दलसिंगार (55), रामखेलावन (50), कन्हैया (40) और दीपनारायण (60) को जिला अस्पताल में प्रारंभिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दलसिंगार की भी मौत हो गई, जबकि रामखेलावन को लखनऊ रेफर कर दिया गया।