फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Deoria News ›   जलाओ पटाखे पर रहे ध्यान इतना....

जलाओ पटाखे पर रहे ध्यान इतना....

Sun, 04 Nov 2018 11:01 PM IST
Updated Sun, 04 Nov 2018 11:01 PM IST
विज्ञापन
जलाओ पटाखे पर रहे ध्यान इतना....
जलाओ पटाखे पर रहे ध्यान इतना...
विज्ञापन



फोटो समाचार...
आज से चढ़ेगा दीपोत्सव का उल्लास
त्योहार को लेकर उत्साहित हैं लोग, शासन-प्रशासन ने भी कसी कमर

देवरिया। प्रकाश पर्व का उत्साह लोगों के सिर छाने लगा है। सोमवार को धनतेरस के साथ शुरू हो रहे पांच दिवसीय दीपोत्सव को लेकर हर तरफ तैयारी जोरों पर है। बाजार गुलजार हो गए हैं और लोग भी खरीदारी में मशगूल हैं। कपड़ा, किराना, आभूषण, बर्तन, इलेक्ट्रानिक्स सामान, ऑटोमोबाइल्स के साथ ही दीया, बत्ती, झालर और मिट्टी के बर्तनों की दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। पटाखा बाजार भी सजने लगा है। त्योहारों के उल्लास में पूरी तरह डूबने को आतुर लोगों की खुशियों में चार चांद लगाने के लिए पुलिस-प्रशासन और अन्य सरकारी महकमे भी सतर्क हो गए हैं। जहां एक तरफ बिजली निगम जर्जर तार, जंफर, फ्यूज आदि की मरम्मत कर त्योहार के दौरान निर्बाध ढंग से बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की कवायद में जुट गया है तो दूसरी ओर नगर पालिका, जलनिगम, रोडवेज, स्वास्थ्य जैसे अन्य विभाग भी अपनी ओर से बेहतर जन सुविधाएं देने के लिए कमर कस चुके हैं। जिला प्रशासन ने सभी अफसरों को अपने विभाग की छोटी-मोटी कमियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं, ताकि त्योहार की खुशियां बांटने में कहीं-कोई बाधा न उत्पन्न हो।

दिवाली तक नहीं कटेंगे बिजली कनेक्शन
देवरिया। दीपावली पर बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए निगम ने सभी अभियंताओं को अपने क्षेत्र में मेंटनेंस कार्य को तेज करने के निर्देश दिए हैं। जर्जर तार, पोल, जंपर या फ्यूज के कारण कहीं कोई परेशानी हो तो उसे तत्काल दुुरुस्त किया जाएगा। हर हाल में छह नवंबर तक इन कार्यों को पूरा कर लेने को कहा गया है, जिससे सात नवंबर को कहीं भी फाल्ट के कारण कट लगाने की नौबत न आए। लोग पूरे उत्साह से दीपावली मना सकें। इन निर्देशों के तहत बिजली निगम के कर्मचारी रविवार को भी शहर के हनुमान मंदिर, राघवनगर, देवरिया खास, न्यू कॉलोनी, रामनाथ देवरिया सहित अन्य क्षेत्रों में मरम्मत कार्य में जुटे रहे। उधर, निगम ने दीपावली को देखते हुए बकाया वसूली व चेकिंग कार्य भी शिथिल कर दिया है। इस अवधि में कोई कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। बकाएदारों को नोटिस देकर बिल जमा कराने पर विशेष जोर रहेगा। नोटिस के बाद भी अगर तय अवधि में बिल जमा न करने वालों के कनेक्शन दीपावली बाद काट दिए जाएंगे। हालांकि कटिया कनेक्शन लगाकर बिजली जलाने वालों पर सख्ती कायम रहेगी। किसी को भी अवैध ढंग से बिजली जलाने की अनुमति न देते हुए निगम ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस बाबत एक्सईएन यूसी मिश्र ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर मेंटनेंस कार्य तेज किया गया है। शहरी क्षेत्र में शेड्यूल के अनुरुप निर्बाध रूप से 24 घंटे आपूर्ति की पूरी कोशिश की जा रही है। कर्मचारियों को अतिरिक्त समय देकर सुधार को कहा गया है, जिससे फाल्ट से आपूर्ति ठप न हो।
विज्ञापन


नगर पालिका ने छेड़ी विशेष सफाई मुहिम
देवरिया। नगर पालिका प्रशासन ने दीपावली को लेकर साफ-सफाई की विशेष मुहिम छेड़ दी है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड में सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वह संबंधित वार्ड सभासद के निर्देशन में साफ-सफाई करेंगे। इस दौरान फॉगिंग व दवाओं का छिड़काव भी कराया जाएगा। सफाई कर्मचारियों को कूड़े का नियमित उठान समय से करने को कहा गया है। सोमवार को नई बाजार, सिंधी मिल कॉलोनी और मंगलवार को न्यू कॉलोनी, रामगुलाम टोला व आस-पास के क्षेत्रों में अभियान चलाया जाएगा। नगर पालिका के प्रभारी ईओ व एडीएम सीताराम गुप्ता ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर सभी सफाई कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है। उनके कार्यों की मॉनिटरिंग भी की जा रही है। कहीं से कोई शिकायत मिलने पर कार्रवाई भी होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


धनतेरस आज, सज गए बाजार
इलेक्ट्रानिक्स, ऑटोमोबाइल और सराफा बाजार में विशेष तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। पांच दिवसीय दीपोत्सव का आगाज सोमवार को धनतेरस के साथ होगा। धनतेरस के शुभ मुहूर्त में खरीदारी के महत्व को देखते हुए बाजारों में भीड़ बढ़ने लगी है। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानों को आकर्षक ढंग से सजाया गया तो ऑफर्स की भी बरसात की गई है। छूट, लकी ड्रॉ और गिफ्ट हैंपर के माध्यम से दुकानदार ग्राहकों का ध्यान खींच रहे हैं। रविवार को साप्ताहिक बंदी के बाद भी शहर के प्रमुख क्षेत्रों की दुकानें खुली रहीं। उन पर खरीदारी करते लोगों की भीड़ भी नजर आई।
धनतेरस पर आयुर्वेद के जनक भगवान धनवंतरि के साथ धन और वैभव की देवी महालक्ष्मी की भी पूजा होती है। मान्यता है कि इस दिन धातु की खरीदारी शुभ होती है। लिहाजा लोग लोहा, पीतल, तांबा के बर्तनों के साथ ही सोने-चांदी के आभूषण, बाइक, कार आदि की खरीदारी इसी मुहूर्त में करने को लालायित रहते हैं। इलेक्ट्रानिक सामानों की भी डिमांड रहती है। शुभ मुहूर्त में अधिक से अधिक बिक्री के मद्देनजर दुकानदारों ने भी खास तैयारी की है। शहर के मालवीय रोड, हनुमान मंदिर रोड, कोतवाली रोड, सब्जी मंडी, सिविल लाइन सहित कई क्षेत्रों में इन सामान से जुड़ीं दुकानें आकर्षक ढंग से सजी हुई थी। सामान की नई रेंज के साथ तरह-तरह के ऑफर्स लोगों को लुभा रहे हैं। महंगाई के चलते मंदी झेलते आ रहे दुकानदारों को धनतेरस के शुभ मुहूर्त में बंपर बिक्री की उम्मीद है।

त्योहारों के लिए रोडवेज ने शुरू की अतिरिक्त बस सेवा
देवरिया। दीपावली और छठ पर्व के दौरान यात्रियों की सहूलियत के लिए परिवहन निगम ने अतिरिक्त बस सेवाएं शुरू कर दी है। दिल्ली, कानपुर और लखनऊ जैसे लंबी दूरी के मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ा दी गई है। लोकल रूट पर भी अनुबंधित बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।
देवरिया डिपो में वर्तमान में निगम की 66 और अनुबंधित 100 बसों का संचालन हो रहा है। त्योहारों की भीड़ में आय की व्यापक संभावना को देखते हुए परिवहन निगम ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। देवरिया-नई दिल्ली रूट पर प्रतिदिन चलने वाले चार सेवाओं के स्थान पर छह, कानपुर और लखनऊ मार्ग पर 6-6 सेवाओं की जगह 8-8 बस लगा दी गई है। एआरएम आरबी विश्वकर्मा ने बताया कि त्योहार मनाने के लिए घर आने वाले यात्रियों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए लंबी दूरी वाले मार्गों पर अतिरिक्त सेवाओं का संचालन प्रारंभ किया गया है। लोकल रूटों पर अनुबंधित बसों के फेरे बढ़ाकर यात्रियों की सुविधा का ख्याल रखा जाएगा।

पर्व के दौरान काम करने वाले चालक-परिचालकों को मिलेगा भत्ता
पांच से 12 नवंबर तक नियमित काम करने वाले सभी चालक-परिचालकों को मानक से अधिक, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के लिए 300 एवं उपनगरीय क्षेत्र के लिए 250 किमी निर्धारित औसत किलोमीटर से अधिक चलने पर निगम 350 रुपये प्रतिदिन की दर से एकमुश्त 2800 रुपये का प्रोत्साहन राशि प्रदान करेगा। संविदा चालक-परिचालक इस अवधि में 2400 किमी से अधिक चलने पर अतिरिक्त संचालित किलोमीटर पर प्रति किमी 55 पैसे की प्रोत्साहन के रूप में दिया जाएगा।


आज से तीन दिन तक सजेंगी दुकानें, 220 अस्थायी लाइसेंस जारी
चिह्नित स्थानों पर ही लगेंगी दुकानें
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। पटाखे की अस्थायी दुकान के लिए रविवार तक अग्निशमन विभाग ने 220 लोगों को एनओसी दी है। इनका लाइसेंस एसडीएम कार्यालय से जारी होना शुरू हो गया है। तय शर्तों के अनुसार पांच से सात नवंबर तक चिह्नित स्थानों पर पटाखों की दुकानें लगेंगी। घनी आबादी और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में दुकानें लगाने की सख्त मनाही है।
शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, महराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज, रामलीला मैदान में पटाखे की दुकान लगाने के स्थान चिह्नित किए गए हैं। इसके अलावा सलेमपुर में बापू इंटर कॉलेज, लार में बीआरसी, तरकुलवा में नवतपी इंटर कॉलेज गढ़रामपुर, एनकेडीडी स्कूल, खुखुंदू में शिवाजी राय इंटर कॉलेज, मईल में चौराहा के समीप, गौरीबाजार में चंद्रशेखर आजाद इंटर कॉलेज, भाटपाररानी में बेलपार पंडित, बीआरडी इंटर कॉलेज, खामपार में भिंगारी बाजार पुलिस चौकी, बनकटा में प्रतापपुर चीनी मिल का मैदान, बरहज में जूनियर हाई स्कूल, भटनी में रामलीला मैदान, 116 नंबर गेट, मदनपुर में गोला वार्ड खुले स्थान पर, रुद्रपुुर में डीएन इंटर कॉलेज में पटाखे की दुकान लगाने के स्थान तय किए गए हैं। इस बाबत सीएफओ शंकर शरण राय ने कहा बताया कि मानक के अनुसार दुकानदारों को तीन दिन के लिए अस्थायी लाइसेंस दिए गए हैं। इसका पालन नहीं करने पर कार्रवाई की जाएगी।

ये है दुकानदारों के लिए मानक
देवरिया। अग्नि शमन विभाग ने पटाखा दुकानदारों के लिए मानक तय किए हैं। दुकान में पटाखा किसी कपड़े या प्लास्टिक से ढक कर नहीं रखा जाएगा। दो खुले ड्रम में पानी, छह बोरी बालू, अग्निशमन यंत्र और दुकान लगाने वाले स्थान पर अस्थायी कटरैन की व्यवस्था होनी चाहिए।

पटाखों से मरीजों और बच्चों को रखें दूर
तेज आवाज वाले पटाखे कत्तई न जलाएं और इसके धुआं से बचे। सांस की बीमारी से ग्रसित लोगों के लिए पटाखे का धुआं खतरनाक हो सकता है। छोटे बच्चों को भी पटाखे के शोर और धुएं से दूर रखें। छोटी से लापरवाही से खुशी का त्योहार उदासी में बदल सकता है।
-डॉ. छोटेलाल, सीएमएस जिला अस्पताल।

स्वस्थ मन व स्वच्छ तन में लक्ष्मी करती हैं निवास
देवरिया। आरोग्य भारती की ओर से सिंगही मझगावां में भगवान धनवंतरि की जयंती राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के रूप में मनाई गई। इसमें लोगों को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के बारे में जानकारी दी गई। प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. अजीत नारायण मिश्र ने कहा कि आज ही के दिन समुद्र मंथन के समय भगवान धनवंतरि पृथ्वी पर अवतरित हुए थे। उन्होंने ही पृथ्वी वासियों को चिकित्सा का ज्ञान दिया। पुराणों के अनुसार धनवंतरि भगवान विष्णु के अवतार माने गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मन व स्वच्छ तन में लक्ष्मी निवास करती हैं, इसलिए हमें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए आस-पास के वातावरण को स्वच्छ बनाए रखना चाहिए। इस दौरान केके सिंह, विद्यासागर, रमेश, डॉ. विनय, एस सिंह, सुदर्शन गुप्ता, रजनीश तिवारी, अनुपम शर्मा, अनुराग पांडेय, राम प्रताप पांडेय आदि मौजूद रहे।



दीपावली पर ग्रामीणों ने चलाया स्वच्छता अभियान
बरियारपुर। रामपुर कारखाना ब्लॉक के पांडेयपुर ग्राम सभा में ग्रामीणों ने स्वच्छता अभियान चलाकर गांव की साफ-सफाई की। गोष्ठी का आयोजन कर स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रधान प्रतिनिधि रामानाथ त्रिपाठी ने कहा कि गांव रहेगा तो लक्ष्मी-गणेश की कृपा दृष्टि ग्रामवासियों पर बनी रहेगी। साफ-सफाई अपनाकर घर-घर खुशहाली लाई जा सकती है। प्रकाश पर्व दीपावली के मद्देनजर शुरू हुआ स्वच्छता अभियान माह में दो बार चलाया जाएगा। इस दौरान लोग सार्वजनिक स्थल स्कूल, देवस्थान आदि जगहों की सफाई करेंगे। गांव की गलियां, सड़के स्वच्छ रहेंगी तो हम सभी का मान बढेगा। इस दौरान निरंजन शुक्ल, संजय शुक्ल, रवि, विनय जनार्दन पांडेय, श्यामा त्रिपाठी, सिंटू आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed