भटनी। छपिया जयदेव में शहीद विजय कुमार मौर्य का स्मारक बनेगा। इसके लिए परिवारीजनों ने सोमवार को अपनी निजी जमीन में निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। परिवार के लोगों के समर्थन में गांववाले भी जुटे हैं। लोगों ने प्रशासन से शहीद के परिवार से किए वादे को पूरा कराने की मांग की है। 24 फरवरी को पुलवामा में हुए आतंकी हमले में सीआरपीएफ के 40 जवान शहीद हुए थे। इसमें भटनी थानाक्षेत्र के छपिया जयदेव निवासी विजय मौर्य भी शामिल रहे। घटना के बाद प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ ने शहीद के घर पहुंच परिवार को ढांढस बंधाया था। मुख्यमंत्री के आदेश पर शहीद की पत्नी को जिला कलेक्ट्रेट में लिपिक पद पर तैनाती मिली है। तीन महीने बाद प्रशासन के स्तर से कोई पहल नहीं करने पर पिता रामायण मौर्य, पत्नी विजय लक्ष्मी, चाचा सुदर्शन कुशवाहा, शुभलाल कुशवाहा और गुलाब कुशवाहा ने सोमवार को अपने निजी चार कठ्ठे जमीन में शहीद के स्मारक बनाने के लिए नींव पूजन किया। गांववालों ने बताया कि एक छोटा सा पार्क और उसमें शहीद विजय मौर्य का स्मारक बनेगा। इसमें जितना खर्च आएगा परिवार और गांव के लोग उठाएंगे। लोगों ने कहा कि विजय मौर्य के स्मारक बनने से क्षेत्र के युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। इस दौरान रामऔतार कुशवाहा, ग्राम प्रधान ब्रजेश कुशवाहा, विंदेश मौर्य, विजय कुशवाहा, दुर्गेश कुशवाहा, श्रीराम कुशवाहा, रमाशंकर यादव आदि उपस्थित रहे। इस संबंध में एसडीएम संजीव यादव ने बताया कि परिवारवाले निजी जमीन में स्मारक बनवा रहे हैं। प्रशासन की ओर से हर संभव मदद दी जाएगी।