गांव पर बबुली गैंग का कहर, दो को गोली मारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानिकपुर (चित्रकूट)। सड़क निर्माण में रंगदारी न मिलने पर ढाई लाख के इनामी डाकू बबुली कोल ने शनिवार देर रात गैंग के दो दर्जन डकैतों को लेकर रूकमा बुजुर्ग गांव पर धावा बोल दिया। यहां खांच पुरवा की दलित बस्ती में ढाई घंटे तक उत्पात मचाया। ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। घरों के दरवाजे तोड़कर मजदूर परिवार के वृद्ध, महिलाओं व बच्चों तक को असलहों की बटों से पीटा। डकैतों की गोली से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों पर कहर बरपाने के बाद गैंग धमकी भरा पत्र देकर जंगल की ओर भाग निकला। पत्र में ढाई लाख की रंगदारी पहुंचाने के बाद ही सड़क निर्माण शुरू करने की धमकी दी गई है।
गांववालों के मुताबिक असलहे, कुल्हाड़ी व लाठियों से लैस डकैत जंगल के रास्ते आए। सबसे पहले बस्ती के सुरेश कुमार पुत्र राम आसरे को जगाया और सीसी रोड बनवा रहे मेठ व मुंशी के घर का पता पूछा। पता न बताने पर डाकुओं ने उसे जमकर पीटा। इसके बाद अन्य घरों के दरवाजे तोड़कर लोगों को बाहर खींचा और लाठियों से पीटा। जिन घरों के दरवाजे नहीं तोड़ पाए, वहां ताबड़तोड़ फायरिंग की। कुछ दरवाजों को कुल्हाड़ी से भी काटकर घरवालों को घसीटकर पीटा।
डकैतों ने नत्थू नामक ग्रामीण को छत से फेंक दिया। उस पर गोली भी दागी।
संयोग से गोली नत्थू की कमर को छीलती हुई निकल गई। इसके अलावा रामनारायण भी ड़कैतों की गोली से मामूली रूप से घायल हुआ। इन्हें इलाज के लिए इलाहाबाद भेजा गया है। डकैतों की पिटाई से दलित बस्ती के विजय कुमार पुत्र रामपाल, रामनारायण पुत्र बाबू, रामसंवारी पत्नी रामनारायण, गरीबिया पत्नी रामनाथ, रामनाथ पुत्र चुन्ना, अमर पुत्र मोतीलाल, सुरेश पुत्र रामआसरे, बेसनिया पत्नी जोगी, केसनिया पत्नी रामपाल, उमाशंकर पुत्र जोगी, सावित्री पत्नी मोतीलाल, मोतीलाल पुत्र ललुआ आदि को भी चोटें आईं। इन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल ग्रामीणों ने बताया कि डकैतों में बबुली का दाहिना हाथ लवलेश कोल भी था। घटना की जानकारी होते ही पुलिस अधीक्षक केके चौधरी फोर्स लेकर गांव पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाया। एसपी ने बताया कि डाकुओं की तलाश में कांबिंग की जा रही है। डाकू गैंग ने बस्ती में रहने वाले उन मजदूरों को पीटा है जो सड़क निर्माण में लगे हैं। थानाध्यक्ष पीके सिंह ने बताया डाकू बबुली व लवलेश समेत एक दर्जन डकैतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।