राजापुर। गोस्वामी तुलसीदास की जन्मभूमि राजापुर में मंगलवार को दस दिवसीय तुलसी जयंती महोत्सव का शुभारंभ हो गया। वृंदावन के रामदास जी महाराज की अगुवाई में पहले दिन सुबह पूजन के बाद झांकियों संग कलश यात्रा निकाली गई। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों भक्त शामिल हुए। दस दिवसीय आयोजन में रामायण का पाठ, कथा और तुलसीदास के जीवन पर लीला होगी।
कलश यात्रा तुलसी घाट यमुना किनारे से चलकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए वापस तुलसी कुटीर जाकर पूरी हुई। इस दौरान सुंदर झांकियों, भजन कीर्तन, ढोल नगाड़ों की धुन और मंगलगीतों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय नजर आया। लोगों ने जगह-जगह झांकियों की आरती उतारी। कलश यात्रा राधा कृष्ण मंदिर, तुलसी स्मारक, सभी शिव मंदिरों, संकट मोचन हनुमान मंदिर, राम चरित मानस मंदिर से होते हुए तुलसी जन्म कुटीर मंदिर में पूरी हुई।
इस अवसर पर नगर के अशोक सोनी, राम आसरे, विष्णु कांत, अंगद, उमेश सोनी, राधे श्याम सोनी, शंकर दयाल, सुनील मिश्र, राजेंद्र पांडेय, अनिल त्रिपाठी, भरत लाल, वीरेंद्र द्विवेदी, सतीश मिश्र, महेश सिंह, बब्बू शुक्ल आदि शामिल रहे।