यूपी में खौफनाक वारदात: साइको किलर ने 24 घंटे में कीं तीन हत्याएं, एनकाउंटर में हुआ ढेर; सिपाही भी हुए घायल
Chandauli News: चंदौली जिले में साइको किलर ने 24 घंटे में तीन हत्याएं कीं। रविवार सुबह पैसेंजर ट्रेन में युवक की हत्या की फिर रात 1:30 बजे जम्मूतवी ट्रेन में अंधाधुंध गोलियां चलाईं और अगली सुबह अस्पताल में महिला को मार डाला। उधर सोमवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ में आरोपी मारा गया।
विस्तार
चंदौली जिले में 24 घंटे में तीन हत्याओं को अंजाम देने वाले साइको किलर की मुठभेड़ में मौत हो गई। रात करीब 11 बजे दरियापुर में सीन रीक्रिएशन के दौरान वह पुलिस की पिस्टल छीनकर भाग रहा था। आरोपी के सीने और पेट में दो गोलियां लगी हैं। इस दौरान एसआई और जीआरपी सिपाही घायल हुए हैं।
दो अलग-अलग ट्रेन में की हत्या
डीआईजी वाराणसी रेंज वैभव कृष्ण के मुताबिक अमृतसर के रहने वाले गुरप्रीत सिंह ने पहली वारदात रविवार सुबह 6.45 पर पैसेंजर ट्रेन में अंजाम दी थी। जिसमें आरोपी ने ताड़ीघाट पैसेंजर ट्रेन में चढ़कर गाजीपुर के रहने वाले 34 साल के मंगरू की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह 10 मई की रात 1:30 बजे जम्मूतवी एक्सप्रेस में सवार हुआ और बिहार के गया के दिनेश साहू पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
अस्पताल में ऐसे दिया वारदात को अंजाम
इस घटना के बाद वह पैदल घूमता रहा, सोमवार की सुबह करीब 7:30 बजे मुगलसराय के जीवक अस्पताल पहुंचा। वहां डॉक्टर से इलाज कराने के लिए पर्ची बनवाई और उसके बाद वार्ड में घुस गया। वहां भर्ती महिला लक्ष्मीना देवी के सिर पर रिवॉल्वर रखकर गोली चला दी। वारदात के बाद भाग रहे आरोपी को वॉर्ड बॉय और बाकी लोगों ने पकड़कर पीटा और पुलिस के हवाले कर दिया था। उसके पास से पुलिस ने लाइसेंसी रिवॉल्वर, डबल बैरल बंदूक और कारतूस बरामद किए थे।
आरोपी ने तीन हत्याएं करने की बात कबूली थी। पूछताछ में सामने आया था कि गुरप्रीत सिंह ने 2021 में सेना की नौकरी छोड़ दी थी। 29 अप्रैल को नौकरी के लिए पंजाब से बिहार के आरा गया था। वहां शराब की लत के कारण उसे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया था। वह 9 मई को ट्रेन से प्रयागराज गया और फिर चंदौली आ गया।
क्या बोले अधिकारी
अस्पताल में महिला की हत्या के आरोप में गुरप्रीत को हिरासत में लिया गया था। वह सेना में रह चुका था। आरोपी को शराब पीने की लत थी। जिले में हुई तीनों हत्याओं की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। -आकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक, चंदौली
देर रात वह सीन रीक्रिएशन के दौरान पिस्टल छीनकर भाग रहा था। तब उसे गोली लगी। साइको किलिंग के एंगल से पुलिस जांच कर रही है। कहीं और भी घटना की है तो उसकी भी जानकारी जुटा रहे हैं। उसके पास से हथियार बरामद हुए थे। -वैभव कृष्ण, डीआईजी, वाराणसी रेंज