क्षेत्रवासियों को जल्द ही बस अड्डे पर अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। नगर में बस अड्डे का 2.62 करोड़ से पुनर्निर्माण कराया जाएगा। रविवार को शमशेर नगर स्थित बस अड्डा परिसर में स्थानीय भाजपा विधायक कैलाश आचार्य ने पुनर्निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर 3 शमशेर नगर में वर्षों पूर्व रोडवेज परिवहन बस अड्डे का निर्माण किया गया था। यहां से मिर्जापुर के अहरौरा, वाराणसी, चंदौली, मुगलसराय और नौगढ़ के लिए बसों का संचालन किया जाता रहा है। चकिया के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य और चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने पिछले दिनों परिवहन राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार दयाशंकर सिंह से परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की थी। इसके बाद शासन की ओर से रोडवेज बस अड्डा के पुनर्निर्माण के लिए 2.62 करोड़ 53 हजार रुपये आवंटित किए गए। रविवार को कार्य की शुरूआत हुई। विधायक और चेयरमैन ने संयुक्त रूप से रविवार को मंत्रोच्चार के साथ रोडवेज बस अड्डे के पुर्ननिर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकार क्षेत्र की जनता को परिवहन की सुविधा मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने बताया कि बस अड्डा परिसर में प्रतीक्षा कक्ष, बुकिंग विंडो, बस स्टैंड, आधुनिक शौचालय, पेयजल व्यवस्था आदि जीर्णोद्धार कार्य किए जाएंगे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह, उमाशंकर सिंह आदि उपस्थित रहे।