सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कालेज में छात्रसंघ चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से कराये जाने के लिए शुक्रवार को कोतवाली में छात्रों व कालेज प्रशासन के साथ अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान कोतवाली में उपस्थित अपर जिलधिकारी अतुल कुमार, एसडीएम प्रेमप्रकाश मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम ने छात्रों को से शांतिपूर्ण माहौल कायम रखने की अपील की। उन्होंने चेताया कि चुनाव के दौरान किसी की ओर से भी उत्पात मचाये जाने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सकलडीहा पीजी कॉलेज में रविवार को छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान होना है। शांतिपूर्ण ढ़ंग के मतदान कराने के लिए शुक्रवार को कोतवाली परिसर में कालेज प्रशासन समेत छात्रों के साथ जिले के अधिकारियों ने बैठक की। इस दौरान मतदान के दिन आठ बूथ बनाये जाने का निर्णय लिया गया। सभी बूथों पर महिला और पुरूष राजस्व अधिकारी नियुक्त रहेंगे। इसके अलावा मतदान से लेकर मतगतणना तक सीसी कैमरे की निगरानी में होगी। बताया कि इंटर कॉलेज मार्ग से ही छात्रों का प्रवेश महाविद्यालय में होगा। मतदान के दिन छात्र या उम्मीदवार को परिचय पत्र के बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके साथ ही मतदान के दौरान छात्र और कॉलेज कर्मियों पर मोबाइल लाने पर भी पाबंदी लगाई गई है। मतदान के दौरान छात्रों को मास्क लगाना अनिवार्य होगा। इस बाबत अपर जिलाधिकारी अतुल कुमार ने बताया कि निष्पक्ष और पारदर्शी ढ़ंग से चुनाव के लिये आवश्यक दिशा निर्देश दिये गए है। इस मौके पर उपजिलाधिकारी प्रेमप्रकाश मीणा, अपर पुलिस अधीक्षक दयाराम, सीओ श्रुति गुप्ता, कोतवाल अवनीश कुमार, प्रभारी प्राचार्य डॉ. दयानिधि सिंह यादव, डा. अरुण उपाध्याय, चुनाव अधिकारी डा. उदय शंकर झा, डा. अभय वर्मा मौजूद रहे। वहीं डा. विजेन्द्र सिंह ने बताया कि 20 मार्च को शाम चार बजे तक परिचय पत्र का वितरण किया जायेगा। बिना परिचय पत्र के छात्र मतदान नहीं कर सकेंगे।