चंदौली: घर से ड्यूटी के लिए निकले अस्पतालकर्मी का कॉलेज परिसर में मिला शव, रातभर तलाश करते रहे परिजन; मातम
जिले में घर से ड्यूटी के लिए निकले अस्पतालकर्मी का शव मुगलसराय थाना क्षेत्र के विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय परिसर में मिला। परिजन रातभर उनकी तलाश करते रहे। सुबह कॉलेज परिसर में शव मिलने की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
विस्तार
शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी अस्पतालकर्मी पंकज चौबे (32) का शव बुधवार की सुबह मुगलसराय थाना क्षेत्र के विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय परिसर में संदिग्ध हाल में मिला। मंगलवार की सुबह घर से अस्पताल जाने के लिए निकले पंकज रात में वापस नहीं लौटे थे। बुधवार सुबह शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शहाबगंज थाना क्षेत्र के कनेरा गांव निवासी भरत चौबे ने बताया कि वह वर्तमान में परिवार के साथ डांडी गांव में रह रहे है। उनक पुत्र पकंज चौबे पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्थित एक अस्पताल में कार्य करता था। हर रोज कि भांति मंगलवार की सुबह पंकज घर से काम पर जाने के लिए निकला था।
पिता ने बताया कि पकंज ने रात में आठ बजे अपनी मां को फोन करके घर आने की बात कही थी। इसके बाद वह काफी देर तक नहीं आया। उन्होंने बताया कि देर रात उसके एक मित्र आकाश ने उनके दामाद के मोबाइल पर फोन करके बताया कि दोस्तों की पाटी थी, काफी रात होने के चलते वह सुबह आयेगा।
इसके बाद बुधवार की सुबह आकाश ने भरत चौबे को फोन करके पकंज की तबीयत खराब होने की सूचना दी। सूचना के बाद भरत चौबे कुछ लोगों के साथ विक्रम सिंह कन्या महाविद्यालय पहुंचे जहां एक कमरे में उनका पुत्र बेसुध हाल में पड़ा था। बताया कि उसके मुंह से झाग व नाक से खून निकल रहा था =। इसके अलावा हाथ में चोट भी थी।
इसके बाद वे उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस कमरे को सील करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतक के पिता के प्रार्थना पत्र के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।