एनएच-2 पर हादसा: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा, पिता के सामने इकलौते बेटे की मौत
चंदौली के सैयदराजा क्षेत्र में एनएच दो पर रविवार को ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार किशोर की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उसके पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
विस्तार
यूपी के चंदौली जिले में रविवार को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या दो पर रफ्तार का कहर नजर आया। तेजरफ्तार ट्रक ने बाइक सवारों को कुचल दिया। दर्दनाक हादसे में बाइक सवार पुत्र की मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे उसके पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पिता-पुत्र बाइक पर सवार होकर किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। हादसे की सूचना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा है।
कंदवा थाना के चिरईगांव निवासी रामजी राम (50) अपने बेटे अंकुश (18) के साथ चंदौली किसी रिश्तेदार के यहां जा रहे थे। दिन में साढ़े 11 बजे वह राष्ट्रीय एनएच दो पर एक पेट्रोल पंप के सामने पहुंचे। इसी दौरान बिहार की तरफ से आ रहे बेकाबू ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
ट्रक के धक्के से पीछे बैठा अंकुश उछल कर नीचे गिर पड़ा। ट्रक से कुचलने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं रामजी राम गंभीर रूप से जख्मी हो गए। घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर भाग गया। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल रामजी को जिला अस्पताल पहुंचाया।
बाइक से गिरकर महिला जख्मी
चकिया कोतवाली के सैदूपुर कस्बा में रविवार को बाइक से गिरकर अनीता देवी (26) गंभीर रूप से जख्मी हो गई। अचेतावस्था में उसे एंबुलेंस की सहायता से चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के रसिया गांव निवासी अनिता देवी अपने पति रमेश यादव के साथ अपने गोद में बच्चा लेकर बाइक से इलिया की ओर से जा रही थी।
जैसे ही वे सैदूपुर बाजार पहुंचे कि सामने से आ रहे साइकिल को बचाने के चक्कर में पत्नी अनीता का शॉल साइकिल के हैंडल में फंस गया और वह बाइक से सड़क पर गिर गई। इससे उसके सिर में गंभीर चोट आई औरवह अचेत हो गई।