पीडीडीयू नगर। बिहार में डिप्लोमा सर्टिफिकेट की प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने नौ जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेनें शुक्रवार से चलाई जाएंगी। पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से गया और पटना के लिए ट्रेनें चलेंगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि डिप्लोमा सर्टिफिकेट इंट्रेंस कांपिटेटिव इंग्जामिनेशन (पीई/पीएम/पीएमएम) के परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूर्व मध्य रेल 9 जोड़ी परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। इसके तहत पटना-गया अनारक्षित स्पेशल 21, 22 और 23 जून को पटना से एक बजे खुलकर उसी दिन चार बजे भोर में गया पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन गया से 20.00 बजे खुलकर उसी दिन 23.00 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इसी तरह पटना-पीडीडीयू अनारक्षित परीक्षा स्पेशल 21, 22 एवं 23 जून को पटना जंक्शन से 01.00 बजे खुलकर उसी दिन सुबह 05.00 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन तीनों दिन पीडीडीयू जंक्शन से शाम 19.30 बजे खुलकर उसी दिन 23.30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इसी तरह एक ट्रेन पटना से जहानाबाद गया, अनुग्रह नारायण रोड, डेहरी ऑनसोन, सासाराम के रास्ते पीडीडीयू के लिए ट्रेन चलेगी। यह ट्रेन 21 एवं 23 जून को पटना से रात 21.00 बजे खुलकर 23.50 बजे गया रूकते हुए अगले दिन सुबह 05.00 बजे पीडीडीयू पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 22 एवं 24 जून को पीडीडीयू से रात 19.30 बजे खुलकर देर रात 00.05 गया रुकते हुए सुबह 3.00 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। इसी तरह कटिहार पटना, सहरसा-पटना, रक्सौल-पटना, बेतिया-पटना, मुजफ्फरपुर-छपरा, मुजफ्फरपुर-भागलपुर परीक्षा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी।