Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Chandauli News ›   More than six lakh devotees will offer arghya at 150 places on Dala Chhath

Chandauli News: डाला छठ पर 150 स्थानों पर छह लाख से अधिक श्रद्धालु देंगे अर्घ्य

Sat, 14 Nov 2026 12:22 AM IST
Varanasi Bureau वाराणसी ब्यूरो
Updated Sat, 14 Nov 2026 12:22 AM IST
विज्ञापन
More than six lakh devotees will offer arghya at 150 places on Dala Chhath
इलिया स्थित रानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर में छठ पर्व पर टेंट लगते मजदूर। संवाद
साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था पूजा समितियों के भरोसे, प्रशासनिक अधिकारी कर रहे निरीक्षण
विज्ञापन

पीडीडीयू नगर। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ पर रविवार को जिले के करीब 150 स्थानों पर छह लाख से अधिक श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन करेंगे। सरोवरों, गंगा घाटों और पोखरों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। हालांकि, अधिकांश पूजा स्थलों पर साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था पूजा समितियों के भरोसे है। डाला छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। स्वच्छता और श्रद्धा के साथ मनाए जाने वाले इस पर्व में जल का विशेष महत्व है। यही वजह है कि व्रती सरोवरों, नदियों और पोखरों के किनारे पूजा-अर्चना करते हैं। रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे, जबकि सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का पारण करेंगे। जिले में करीब 150 स्थानों पर छठ पूजा के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटती है। इनमें चहनिया के पश्चिम वाहिनी बलुआ गंगा घाट और धानापुर के नरौली गंगा घाट पर सबसे अधिक भीड़ होती है। पीडीडीयू नगर के मानसरोवर तालाब पर भी 10 हजार से अधिक व्रतियों के पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा मालगोदाम पोखरा, दामोदरदास पोखरा, अलीनगर और सुभाष नगर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अर्घ्य देंगे। चकिया के कालीजी पोखरे पर भी व्रतियों की भीड़ जुटेगी। यहां पूजा समितियों की ओर से रोशनी की व्यवस्था की गई है।
----------------------------------------------
विज्ञापन

सकलडीहा तहसीलदार ने पश्चिम वाहिनी बलुआ घाट का किया निरीक्षण
सफाई, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए निर्देश
चहनिया। छठ महापर्व के मद्देनजर प्रशासन ने घाटों पर तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को सकलडीहा तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर ने पश्चिम वाहिनी बलुआ गंगा घाट का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा और व्रतियों की सुविधाओं को लेकर संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तहसीलदार ने गंगा तट पर फैली गंदगी, सिल्ट और जलकुंभी को तत्काल साफ कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि व्रतियों को अर्घ्य देने और पूजन सामग्री रखने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि छठ पर्व पर घाट पर भारी भीड़ जुटती है। इसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। गोताखोरों और जल पुलिस की तैनाती के साथ चिकित्सा दल को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि तैयारियों में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

-------------------------------------------------
विधायक सुशील सिंह ने नरौली गंगा घाट का लिया जायजा
समय से साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पूरी कराने के दिए निर्देश
धानापुर। सैयदराजा के भाजपा विधायक सुशील सिंह ने ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह के साथ शुक्रवार को नरौली गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया। विधायक ने कहा कि घाट पर पहुंचने वाले छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कराई जाएं। उन्होंने संबंधित लोगों को घाट की सफाई, आवागमन के रास्तों को दुरुस्त रखने और सुरक्षा के इंतजामों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष रमेश द्विवेदी, रमेश यादव, अरविंद मिश्रा, आशुतोष मिंटू और गोपाल बिंद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
--------------------------------------------------
टांडाकला गंगा घाट पर महिलाओं ने की पूजा-अर्चना
टांडाकला। चार दिवसीय डाला छठ की शुरुआत शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ हुई। इसको लेकर टांडाकला क्षेत्र में व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं में उत्साह रहा। शाम को बड़ी संख्या में महिलाएं टांडाकला गंगा घाट पहुंचीं। यहां उन्होंने गंगा में स्नान कर विधि-विधान से छठी मइया की वेदी का पूजन किया और सूर्य नारायण की आराधना की।

--------------------------------------------------
तालाब के बीच बना सूर्य मंदिर छठ पर बनता है आस्था का केंद्र
कई राज्यों से अर्घ्य देने पहुंचते हैं श्रद्धालु, 151 महिलाओं ने बनाई वेदी
सचित्र-
कंदवा। सकलडीहा और धीना थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित कसवढ़ डेहरियाडीह परिसर का सूर्य मंदिर छठ महापर्व पर आस्था का बड़ा केंद्र बन जाता है। यहां चंदौली के अलावा मिर्जापुर, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने पहुंचते हैं। मान्यता है कि तालाब के बीच बने सूर्य मंदिर में छठ व्रत करने से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। परिसर में स्थित इस मंदिर में सालभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। उदासीन संप्रदाय के साधु श्रीश्री 1008 ब्रह्मलीन श्री दर्शन मुनि जी उदासीन नागा बाबा कमौली वाले ने वर्ष 2008-09 में तालाब के बीच सूर्य मंदिर का निर्माण कराया था। मंदिर बनने के बाद यहां छठ महापर्व का आयोजन भी बड़े स्तर पर होने लगा। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार, मंदिर निर्माण के बाद छठ पूजा की परंपरा और मजबूत हुई है। इस बार भी पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर को सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं में उत्साह है। बाबा के उत्तराधिकारी महंत चंद्रमौलि मुनि जी उदासीन खड़ेश्वरी बाबा ने बताया कि तालाब पर 151 व्रती महिलाओं ने वेदी बनाई है।
-------------------------------------------
गंदे पानी से होकर छठ घाट जाने को मजबूर हैं लोग
दूसरे दिन भी किया प्रदर्शन, नाली निर्माण कर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की मांग
इलिया। कस्बे की यादव, नाई और ब्राह्मण बस्ती को जाने वाले मार्ग पर नाबदान का गंदा पानी बहने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। समस्या के समाधान की मांग को लेकर शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन बस्ती के लोगों ने महिलाओं के साथ प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंचे सफाईकर्मियों ने नाली की सफाई कराई। वहीं, ग्राम पंचायत सचिव लक्ष्मण तिवारी ने पांच दिन का समय मांगते हुए दोबारा बेहतर तरीके से सफाई कराने और जलनिकासी की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन कर रहे एकलाख जिद्दी, दूधनाथ यादव, बुधराम यादव, पंचू शर्मा, जंग बहादुर यादव, पाखंडू यादव, जिलाजीत यादव, रविंद्र पांडेय, बबलू पांडेय, रामजन्म लाल, गुड्डू लाल, अजय लाल, शंकर लाल और राजेंद्र पांडेय के साथ मनोरमा देवी, मिंता देवी, धर्मावती देवी और सावित्री देवी ने बताया कि छठ महापर्व पर महिलाओं को इसी रास्ते से होकर तालाब तक जाना पड़ेगा। गंदे पानी से होकर गुजरना उनकी मजबूरी है। अस्पताल आने-जाने वाले बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। आए दिन लोग फिसलकर गिर जाते हैं। बस्ती के लोगों का कहना है कि हर बार समस्या के समाधान के नाम पर नाली की सफाई कराकर छोड़ दिया जाता है, लेकिन दो-तीन दिन बाद नाली फिर जाम हो जाती है। इससे समस्या बनी रहती है। उन्होंने अस्थायी सफाई के बजाय नाली का निर्माण कराकर जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था करने की मांग की।
-----------------------
छठ पर यात्रियों को जहरखुरानी से बचाव के लिए किया जागरूक
पटना जीआरपी की एएसपी ने पीडीडीयू जंक्शन पर चलाया अभियान
पीडीडीयू नगर। छठ पर्व पर पीडीडीयू जंक्शन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जहरखुरानी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। बिहार के पटना जीआरपी की एडिशनल एसपी निसित प्रिया के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार को जंक्शन पर यात्रियों को जागरूक किया। इस दौरान कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह भी मौजूद रहे। अभियान के तहत अधिकारियों ने प्लेटफार्म, प्रतीक्षालय और ट्रेनों के जनरल कोच में जाकर यात्रियों से संवाद किया। उन्हें सलाह दी गई कि यात्रा के दौरान किसी अनजान व्यक्ति से खाद्य सामग्री, बीड़ी, सिगरेट, चाय या पानी लेकर सेवन न करें। बताया गया कि जहरखुरान नशीला पदार्थ मिलाकर यात्रियों को अपना शिकार बनाते हैं। अधिकारियों ने यात्रियों को सतर्क रहने, अनजान लोगों से मेलजोल बढ़ाने से बचने और अपना सामान किसी के भरोसे नहीं छोड़ने की सलाह दी। साथ ही कीमती सामान की खुद निगरानी करने को कहा।
---------------------------
छठ पूजा की तैयारियों में जुटा नगर पंचायत प्रशासन
चेयरमैन ने सफाई, पेयजल और प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश
चकिया। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ को लेकर नगर पंचायत प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को नगर पंचायत कार्यालय में चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कर्मचारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने छठ घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल और मार्ग प्रकाश की व्यवस्था समय से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। चेयरमैन ने सफाई नायकों और मार्ग प्रकाश व पेयजल व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों से तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने मां काली मंदिर स्थित पोखरे के परिसर की विशेष सफाई कराने और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही पूरे नगर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि छठ पूजा लोक आस्था का महत्वपूर्ण पर्व है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान सूर्य की उपासना करते हैं। ऐसे में व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पंचायत कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। बैठक में बड़े बाबू राकेश रोशन, विंध्यवासिनी चौहान, सफाई नायक अनिल कुमार, धर्मेंद्र कुमार, पेयजल व्यवस्थापक महेंद्र, गुलशेर, पप्पू, मार्ग प्रकाश व्यवस्थापक रामललित यादव, प्रमोद चौहान और रमेश चौहान सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed