धानापुर। मदरसा मिस्बाह-उल-उलूम की ओर से कस्बा स्थित अमरवीर इंटर कॉलेज में बुधवार को जनपद स्तरीय मदरसा खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद के अध्यक्ष डॉ. इफ्तिखार अहमद जावेद ने ध्वजारोहण व राष्ट्रगान और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। दर्शकों ने जनपद में पहली बार मदरसा बोर्ड की ओर से खेल कूद प्रतियोगिता का आयोजन कराए जाने पर सराहना की। प्रतियोगिता में मदरसा मिस्बाह-उल-उलूम सभी खेलों में चैंपियन रहा।
मुख्य अतिथि ने कहा कि अध्यक्ष चुने जाने के बाद निरंतर उनका प्रयास है कि मदरसा बोर्ड को भी अन्य बोर्ड की तरह मुख्यधारा से जोड़ा जाए ताकि मदरसों में पढ़ने वाले सभी बच्चे भी शिक्षा के साथ कंप्यूटर, साइंस और अन्य विषयों की शिक्षा हासिल कर सकें। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस तरह से जिले में पहली बार प्रतियोगिता में बच्चों ने अपनी प्रतिभा दिखाई है, उसे देखते हुए प्रतिवर्ष इस तरह के आयोजन करने पर विचार किया जाएगा। प्रतियोगिता का समापन जिला पंचायत सदस्य राजेश यादव ने किया। इस दौरान प्रधानाचार्य मौलाना खालिद, विवेक, कैलाशनाथ यादव, कारी नजीर अहमद, सलाम खान, रुस्तम खान, मोहित रस्तोगी, प्रभात सिंह, माहताब खान, राशिद खान, दिलशाद खान रहे। संचालन शाहिद खान व आतिफ खान ने किया।