पीडीडीयू नगर। कमलापुर (एकौनी) स्थित राजेंद्र प्रसाद त्रिपाठी महाविद्यालय में रविवार को जिला स्तरीय किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष डा. दयाशंकर सिंह दयालु ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
उन्होंने कहा कि शिक्षित व एकजुट समाज से राष्ट्र का विकास हो सकता है। इसलिए सभी का शिक्षित होना अत्यंत आवश्यक है। अध्यक्षता कर रहे राधेश्याम चौबे ने कहा कि गरीबों के लिए मुफ्त शिक्षा, चिकित्सा व न्याय की आवश्यकता है। महाविद्यालय के प्रबंधक अरविंद त्रिपाठी ने लोगों से जाति-धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्र निर्माण में सहयोग करने की अपील की। इसके बाद हुई प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के 45 किलो भारवर्ग में पूजा पटेल, 50 किलो में आंचल सिंह, 55 किलो में खुशबू सिंह, 60 किलो में वेदिका सिंह, 65 किलो में मुस्कान व 70 किलो में अंजली ने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। वहीं बालकों के 45 किलो भारवर्ग में श्रीप्रकाश, 50 किलो में आशुतोष पाल, 55 किलो में पवन पटेल, 60 किलो में विकास, 65 किलो में अविनाश ओझा, 70 किलो में योगेश पाल, 75 किलों में हेमंत पटेल और 80 किलो में किशन सिंह ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। अंत में विभिन्न कक्षाओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले गरीब व दिव्यांग विद्यार्थियों को प्रोत्साहन राशि व प्रतियोगिता के विजेताओं को ट्राफी प्रदान की गई। वहीं जनार्दन शर्मा को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर प्राचार्य डा. राममूर्ति दूबे, डा. केएन पांडेय, श्रीराम द्विवेदी, दिलीप चौबे, डा. सुभाषचंद्र यादव, डा. रमाशंकर पांडेय, डा. प्रीति द्विवेदी, राकेश यादव, सुमन मौर्या, श्यामवंती, सुधीर, आजाद, कपिलदेव आदि मौजूद थे।