सकलडीहा। तहसील क्षेत्र के इकबालपुर में बीते दिनों मिट्टी खनन रोके जाने पर क्षेत्रीय लेखपाल को फोन पर अपशब्दों का प्रयोग कर जान से मारने की धमकी दिए जाने से नाराज लेखपाल संघ के सदस्यों ने दूसरे दिन बुधवार को भी कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। लेखपालों ने आरोपी के खिलाफ अविलंब कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बीते 15 मई को इकबालपुर में मिट्टी खनन हो रहा था। इसकी सूचना पर हल्का लेखपाल विजय जायसवाल ने गांव पहुंचकर खनन रोक दिया। आरोप लगाया कि 16 मई को लेखपाल के नंबर पर फोन पर गांव के एक व्यक्ति ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत करने धानापुर थाने पहुंचे लेखपालों को पुलिस ने घंटों बैठाए रखा। इससे नाराज लेखपालों ने सीओ को भी घटना से अवगत कराया, लेकिन आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होना तो दूर, अब तक कोई कार्रवाई तक नहीं की गई। उधर, लेखपालों ने मंगलवार को प्रदर्शन के बाद बुधवार को कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। लेखपालों के कार्य बहिष्कार के कारण तहसील पहुंचने वाले फरियादी परेशान रहे। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ अविलंब कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में विनय कुमार सिंह, अरुण अवस्थी, चंदन यादव, वीरेंद्र कौशल, विजय जायसवाल, अनिल कुमार राय, कर्मजीत, अनिल कुमार, रंजना सिंह, वंदना सिंह आदि शामिल रहे।