चंदौली। केंद्रीय गृहमंत्री सुशील शिंदे के बयान से खफा जिले के भाजपाइयों ने बृहस्पतिवार को मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके पश्चात सर्विस रोड पर गृहमंत्री का पुतला फूंका। कहा कि इस तरह के अनापशनाप बयानबाजी कर केंद्रीय मंत्री ने जनमानस को ठेस पहुंचाई है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान भाजपाइयों ने केंद्र सरकार को भी जमकर आड़े हाथों लिया।
प्रदेश कार्य समिति सदस्य सुरेंद्र सिंह ने कहा कि तुष्टिकरण और मुस्लिम वोट के लिए केंद्रीय गृहमंत्री की ओर से ऐसा बयान जारी किया गया है। यह केंद्र सरकार की सोची समझी करतूत है। ऐसे लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए और गृहमंत्री को बर्खास्त कर देना चाहिए। कहा कि गृहमंत्री के ऐसे बयान से करोड़ों हिन्दुओं को ठेस पहुंची है। हिन्दू कभी भी किसी हालात में रहे, लेकिन वह आतंकवादी नहीं हो सकता। जिस प्रकार से गृहमंत्री के बयान से आतंकवादी संगठनों ने खुशियां मनाई है वह पूरे देश के लिए अशुभ संकेत है। पूर्व विधायक शिवपूजन राम और राजेश बहेलिया ने कहा कि जब से भारत आजाद हुआ तब से कांग्रेस भाजपा और जनसंघ के खिलाफ गलत बयानबाजी करती आ रही है। साधना सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा देश की जनता संग धोखा किया है। भाजपा एवं संघ ने भारत को एक संस्कारवान एवं राष्ट्रीय व्यक्तित्व के निर्माण का कार्य किया है। इस अवसर पर ओमप्रकाश सिंह, शिवराज सिंह, आलोक सिंह, दर्शना सिंह, बबलू यादव, नरेंद्र सिंह, राकेश मिश्रा, विजय मौर्या, प्रमोद तिवारी, संजय त्रिपाठी, गीता रानी गुप्ता, मनोरमा तिवारी, रेखा रानी, किरन चौहान, बाल्मीकि मौर्या, कन्हैया मोदनवाल आदि उपस्थित रहे।