जांच के लिए पहुंचे अफसर तो भड़के व्यापारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अनाज मंडी में शुक्रवार को जांच करने पहुंची वाणिज्य कर की टीम को व्यापारियों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने उनके सामने ही नारेबाजी करते हुए अपनी दुकानें बंद कर दिनभर हड़ताल की। साथ ही चेतावनी दी की यदि उनका उत्पीड़न बंद नहीं होगा तो वह बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। व्यापारियों के विरोध चलते टीम को वापस लौटना पड़ा।
व्यापारियों का नेतृत्व करने वाले गल्ला व्यापारी समिति के अध्यक्ष मनोज गोयल ने बताया कि वाणिज्य कर अफसर जांच के नाम पर आए दिन व्यापारियों का उत्पीड़न कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से अधिकारी मंडी के व्यापारियों पर दबाव बनाकर वसूली कर रहे हैं। विरोध करने पर इनकम टैक्स की रेड कराने, पुलिस केस में फंसाने की धमकी देते हैं। इस दौरान मीनू जैन, सोनू, मुन्नालाल, ललित कुमार, शिवअवतार, ज्ञानी काका, अनिल पटवारी, मुकेश गोयल, शिव कुमार मौजूद रहे।
जब से सर्वे बंद हुआ है। सेल्स टैक्स अधिकारी शिकायत के नाम पर उनके प्रतिष्ठानों पर पहुंचते हैं और अवैध वसूली के लिए उन पर तरह-तरह से दबाव बनाते हैं। - मुन्नालाल, व्यापारी
सेल्स टैक्स अधिकारियों ने अनाज मंडी में अपने मुखबिर छोड़ रखे र्है जो पल-पल की सूचनाए पहुंचाते हैं। सेल्स टैक्स अधिकारी मुखबिरों की झूठी सूचना के आधार पर व्यापारियों का उत्पीड़न करते हैं।-अनिल पटवारी, व्यापारी
अब व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाशत नहीं किया जाएगा। व्यापारी अपने हक के लिए आर-पार की लड़ाई लडे़ंगे। - ललित कुमार, व्यापारी
किसी भी व्यापारी का उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। अभी तक किसी भी व्यापारी द्वारा इस प्रकार की कोई शिकायत नहीं की गई है। यदि व्यापारियों के साथ किसी भी प्रकार का शोषण हुआ है तो वह उन्हें शिकायत दें। वह पूरे मामले की जांच कराके कड़ी कार्रवाई करेंगे।
आरडी प्रसाद, ज्वाइंट कमिश्नर, सेल्स टैक्स
मंडी में एसडीएम का हो चुका विरोध
पांच मई को अनाज मंडी में चेकिंग के दौरान एसडीएम डिबाई लालता प्रसाद शाक्य का विरोध हो चुका है। व्यापारियों ने एसडीएम डिबाई पर भी उत्पीड़न का आरोप लगा उनको मंडी में घेर लिया था। इस मामले में एसडीएम ने पांच व्यापारियों को नामजद करते हुए 25 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
फूड अफसर के आते ही बंद हुआ बाजार
बुगरासी। कस्बे में शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी के रुटीन दौरे पर आने से बाजार बंद हो गया। साप्ताहिक बंदी के बावजूद खुल रहीं दुकानें एक के बाद एक बंद होती चली गईं। खाद्य निरीक्षक के जाने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार को कस्बे में साप्ताहिक बंदी रहती है। नियमानुसार हलवाई, चाय, नाई आदि की दुकानें ही बंदी में खुली रहती हैं, जबकि शेष दुकानें बंद रहती हैं। अफसरों की अनदेखी से कुछ व्यापारी अपने प्रतिष्ठान खोल लेते हैं। शुक्रवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप कुमार रूटीन दौरे पर आए तो पूरा बाजार तुरंत बंद हो गया। रुटीन दौरे में कोई सैंपल नहीं लिया गया है, बावजूद इसके व्यापारियों में भय दिखाई दिया।