अहमदगढ़। थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग छात्रा ने गांव के ही एक व्यक्ति पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी दो बच्चों का पिता है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी कराया है।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी कक्षा दस की 17 वर्षीय छात्रा ने तहरीर देकर बताया क गत बृहस्पतिवार रात को वह अपने घर पर सो रही थी। घर के अन्य परिजन भी अपने-अपने कमरों व आंगन में सोए हुए थे। तभी गांव निवासी उनका पड़ोसी जबरन पीड़िता को घर से उठाकर ले गया और उसके साथ एक मकान में ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद पूरी रात पीड़िता को एक कमरे में बंधक बनाकर रखा। सुबह होने पर पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरे मामले की जानकारी दी। जब, पीड़िता के पिता ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की। साथ ही शिकायत करने पर भविष्य में अंजाम भुगतने और हत्या करने की धमकी दी है। पुलिस ने मामले में तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी युवक के खिलाफ बीएनएस की धारा 64, 352, 351(2), 127(2) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी देहात रोहित मिश्र ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।