फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bulandshahar News ›   Police inspector dead during rampage in Bulandshahr

बुलंदशहर बवाल: हिंसा में इंस्पेक्टर समेत दो की मौत, यूपी सरकार ने की 50 लाख मुआवजे और नौकरी की घोषणा

Mon, 03 Dec 2018 03:25 PM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुलंदशहर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बुलंदशहर Updated Mon, 03 Dec 2018 03:25 PM IST
विज्ञापन
Police inspector dead during rampage in Bulandshahr
चिंगरावठी पुलिस चौकी में लगाई आग - फोटो : अमर उजाला
बुलंदशहर के स्याना तहसील के गांव महाव में सोमवार सुबह गोवंश अवशेष मिलने पर पुलिस, हिंदूवादी संगठनों और ग्रामीणों में जमकर टकराव हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने चिंगरावठी चौकी के पास सड़क पर जाम लगा दिया। स्याना थाने के कोतवाल इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। 
विज्ञापन


भीड़ ने चौकी के बाहर खड़े पुलिस के दर्जनों वाहनों में आग लगा दी। चौकी में घुसकर तोड़फोड़ की और सामान को आग लगा दी। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इस पर ग्रामीणों ने सुबोध कुमार पर हमला बोल दिया। घटना में गोली लगने से कोतवाल सुबोध और एक युवक सुमित की मौत हो गई। घटना में दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। पहली गोकशी की और दूसरी हिंसा की।
विज्ञापन


एडीजी कानून-व्यवस्था आनंद कुमार ने सोमवार शाम बताया कि समस्या तब खड़ी हुई जबह सुबह कुछ ग्रामीणों को महाव गांव के बाहर बड़ी तादाद में गोवंश के अवशेष मिले। सूचना मिलने पर पहुंचे हिंदूवादी संगठनों और ग्रामीणों ने अवशेषों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरकर स्याना-बुलंदशहर हाईवे पर चिंगरावठी चौकी के पास जाम लगा दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रदर्शनकारी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। बुलंदशहर के डीएम अनुज कुमार झा, एसडीएम अविनाश कुमार मौर्य और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें बहुत समझाने की कोशिश की।



मृतक इंस्पेक्टर सुबोध कुमार एटा के रहने वाले थे। मेरठ के पल्लवपुरम में भी मृतक इंस्पेक्टर का घर है। इंस्पेक्टर सुबोध सिंह राठौर उम्र (47) गांव तरगवा, थाना जैतरा जिला एटा के रहने वाले थे। मेरठ के मोदीपुरम स्थित मकान को बेचकर कई माह पहले परिवार नोएडा सेक्टर 42 में शिफ्ट हुआ था। मृत इंस्पेक्टर के दो बेटे हैं।।

बवाल को देखते हुए बुलंदशहर में इज्तिमा से लौट रहे हजारों वाहनों को देखते हुए हापुड़ रोड पर फोर्स लगाई गई है। एसपी देहात राजेश कुमार फोर्स के साथ हापुड़ रोड पर तैनात हैं।

एडीजी (कानून व्यवस्था) ने यह कहा

Police inspector dead during rampage in Bulandshahr
एडीजी कानून व्यवस्था - फोटो : ani
आनंद कुमार के मुताबिक, जब पुलिस ने जाम खुलवाने की कोशिश की तो ग्रामीणों ने जमकर उपद्रव किया। घटना में चिंगरावठी का ग्रामीण सुमित गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। 

बकौल एडीजी पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए हवा में फायरिंग की थी। इस पर ग्रामीणों ने तमंचों से गोलियां चलाईं, जिसमें सुबोध कुमार शहीद हो गए। घटना की सूचना पर एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार और आइजी रामकुमार भी मौके पर पहुंचे।

सीओ समेत आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल
एडीजी कानून-व्यवस्था ने बताया कि घटना में स्याना के सीओ सत्यप्रकाश शर्मा, खानपुर एसओ, चार सिपाही और एक होमगार्ड भी घायल हो गया। ये पुलिसकर्मी फोर्स आने का इंतजार कर रहे थे। भीड़ गन्ने के खेत में छिपकर पथराव कर रही थी।

बायीं आंख में गोली लगने से हुई सुबोध की मौत
घटना में गंभीर घायल कोतवाल सुबोध कुमार सिंह को औरंगाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। देर शाम आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत बायीं आंख में गोली लगने से हुई।

एटा के थे कोतवाल

कोतवाल सुबोध कुमार मूलरूप से एटा में जैथरा के ग्राम परगंवा के थे। दो साल पहले तक मेरठ में रहते थे। वहां का मकान बेचकर अब नोएडा में रहते थे। उनके दोनों बेटे नोएडा में पढ़ते हैं। पत्नी साथ ही रहती थीं।

इज्तमा के कारण किया जल्द जाम खुलवाने का प्रयास
बुलंदशहर में तब्लीगी इज्तमा चल रहा है। इसमें देश दुनिया के लाखों लोगों ने भाग लिया। पुलिस ने सांप्रदायिक माहौल खराब होने की आशंका के चलते जल्द जाम खुलवाने की कोशिश की। इस चक्कर में पुलिस ने ध्यान नहीं रखा कि लाठीचार्ज के दौरान फोर्स कम थी। ग्रामीण पुलिस पर हावी हो गए।

हिंदूवादी संगठन के लोग और ग्रामीण लगातार आरोपियों को पकड़ने की मांग कर रहे थे। आखिर में प्रशासन ने हालात संभालने के लिए इज्तमा से लौट रहे लोगों का रूट डायवर्ट करा दिया।

कब-कब क्या हुआ

- 9 बजे सुबह ग्रामीणों को महाव के जंगल में गोकशी की सूचना मिली।
- 9.30 बजे सुबह ग्रामीण और हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंचे।
- 10 बजे सुबह एसडीएम और स्याना कोतवाल मौके पर पहुंचे।
- 10.30 बजे सुबह कोतवाल और ग्रामीणों के बीच नोकझोंक हुई।
- 11 बजे सुबह ग्रामीण ट्रैक्टर-ट्राली में अवशेष लेकर चिंगरावठी चौकी रवाना।
- 11.30 बजे सुबह ग्रामीणों और पुलिस के बीच फायरिंग और पथराव शुरू।
- 12.30 बजे दोपहर डीएम-एसएसपी बुलंदशहर से घटनास्थल के लिए निकले।
- 2 बजे दोपहर स्याना कोतवाल की मौत की पुष्टि हुई।
- 3 बजे दोपहर घायल युवक सुमित की मौत की भी पुष्टि हुई।
- 3.30 बजे दोपहर आईजी, एडीजी और कमिशनर मौके पर पहुंचे।
- 4 बजे शाम अधिकारियों ने स्याना कोतवाली में डेरा डाला।
- 6.30 बजे शाम एडीजी-डीएम ने प्रेसवार्ता की।

‘गोकशी की सूचना के बाद कुछ लोगों ने चिंगरावठी चौकी के सामने जाम लगाया था। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्रवाई का भरोसा दिया था, लेकिन असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। इसमें स्याना कोतवाल और एक युवक की मौत हो गई। आरोपियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जा रही है।’
- अनुज कुमार झा, डीएम, बुलंदशहर

‘गोकशी की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। एक युवक और स्याना कोतवाल की मौत हो गई। स्थिति काबू में है। जल्द आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
- केबी सिंह, एसएसपी, बुलंदशहर

घटना बिष्ट सरकार की असफलता : कांग्रेस
‘सीएम बिष्ट पूरे देश और चुनावी राज्यों में प्रचार कर उपदेश देते घूम रहे हैं। वे पहले अपने घर यूपी की कानून-व्यवस्था ठीक करें। राज्य में कानून-व्यवस्था न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस घटना में जान-माल की हानि पर संवेदना प्रकट करती है।’ - डॉ. अभिषेक मनु सिंघवी, कांग्रेस प्रवक्ता

‘घटना की मजिस्ट्रेटी जांच की जाएगी। निष्पक्ष जांच के लिए बुलंदशहर के एसडीएम (प्रशासन) को मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। मामले की जांच जल्द से जल्द पूरी कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’
- अनुज कुमार झा, डीएम, बुलंदशहर

सीएम ने एडीजी इंटलीजेंस को मौके पर भेजा, दो दिन में मांगी जांच रिपोर्ट
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्याना की घटना की जांच के लिए एडीजी इंटलीजेंस एसबी शिराडकर को मौके पर भेजा। उनसे दो दिन में जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है। मामले की जांच के लिए एसआईटी भी गठित की गई है।

मुख्यमंत्री ने घटना में इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह समेत दो की मौत पर दुख जताते हुए जिले के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को शांति बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इलाके में पांच कंपनी आरएएफ और छह कंपनी पीएसी के साथ-साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
 

सीएम ने की 50 लाख मुआवजे और नौकरी देने की घोषणा

मुख्यमंत्री ने बुलंदशहर की घटना के दिवंगत पुलिस इंस्पेक्टर की पत्नी को 40 लाख रुपये और माता-पिता को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का एलान किया है। साथ ही दिवंगत इंस्पेक्टर के आश्रित परिवार को असाधारण पेंशन और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की भी घोषणा
 की है। 

एडीजी मेरठ जोन प्रशांत कुमार और आईजी रेंज राम कुमार रात में बुलंदशहर में कैंप करेंगे। एडीजी ने बताया की स्याना को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। तीन कंपनी आरएफ और 5 कंपनी पीएससी समेत पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। 
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed