बुलंदशहर में 26 मिले संक्रमित, सक्रिय मरीजों की संख्या पहुंची 133
बुलंदशहर। जिले में बृहस्पतिवार को कोविड जांच के दौरान 26 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। साथ ही 25 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके बाद जिले में एक्टिव केसों की संख्या अब 133 हो गई है। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से कोविड संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। बृहस्पतिवार को आरटीपीसीआर लैब से 17 और एंटीजन किट से जांच में नौ लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। बताया कि बुलंदशहर क्षेत्र में नौ, खुर्जा क्षेत्र में चार, बीबीनगर, लखावटी, शिकारपुर व स्याना क्षेत्र में दो-दो और अनूपशहर, अरनियां, जहांगीराबाद, मुनी व पहासू क्षेत्र निवासी एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, कोरोना से बचाव के लिए बृहस्पतिवार को जिले में 107 सत्र का आयोजन कर 4168 लोगों को टीका लगाया गया। सीएमओ डॉ. विनय कुमार सिंह ने बताया कि प्रतिदिन टीकाकरण शिविर लगाकर टीका लगवाने से वंचित चल रहे लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बृहस्पतिवार जिले में 107 सत्र का आयोजन कर 4168 लोगों को टीका लगाया गया। इसमें 12 से 14 उम्र के 18 बच्चों को पहला टीका, 219 बच्चों को दूसरा टीका, 15 से 17 उम्र के मात्र एक किशोरों का पहला टीका, 33 किशोरों को दूसरा टीका और 18 से अधिक उम्र के 10 लोगों को पहला टीका तो 173 लोगों को दूसरा टीका लगाया गया। साथ ही 3714 लोगों को बूस्टर डोज का टीका लगाया गया।