जैविक खेती से उगाई साढ़े पांच किलो की मूली
जहांगीराबाद। पेस्टिसाइड को बिना उपयोग में लाए सब्जियों की पैदावार करना बेशक थोड़ा मुश्किल काम हो, लेकिन किसानों का रुझान अब इस तरफ तेजी से बढ़ रहा है। बिना रसायन कीटनाशकों का प्रयोग किए किसान सब्जियों की पैदावार कर रहे हैं। जैविक खेती से एक किसान ने साढ़े पांच किलो की मूली उगाई है। जिसकी चर्चा इन दिनों पूरे क्षेत्र में हो रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जैविक खेती को बढ़ावा देने की अपील का असर जहांगीराबाद क्षेत्र में काफी देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में किसान जैविक खेती की तरफ अपने कदम बढ़ा रहे हैं। गांव खदाना निवासी किसान चौधरी ऋषिपाल सिंह ने तो करीब 15 बीघा में मूली को जैविक पद्धति से बोया। नतीजा ये हुआ कि न केवल फसल अच्छी हुई, बल्कि खेत मे बड़ी-बड़ी मूली पैदा हुई। एक-एक मूली का वजन पांच से साढ़े पांच किलो तक हो गया। पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा तेजी से फैली तो आसपास के किसान भी उनके खेत देखने और जैविक खेती को सीखने पहुंच रहे हैं। किसान चौधरी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने बिना किसी रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग किए अपनी करीब 15 बीघा फसल को जैविक पद्धति से बोया। इससे न उनकी केवल फसल अच्छी हुई, बल्कि खेत में बड़ी-बड़ी मूली पैदा हुई।