ट्रक लूटकांड का खुलासा: कर्ज चुकाने के लिए चालक ने रची थी साजिश, 14 लाख रुपये में बेचा रिफाइंड, चार गिरफ्तार
बदायूं में 23 जनवरी की रात चालक सर्वजीत सिंह सोयाबीन रिफाइंड के 1500 पीपे लदे ट्रक को लेकर दातागंज क्षेत्र से गुजर रहा था। उसने पुलिस को बताया था कि उसे बंधक बनाकर बदमाश ट्रक लूट ले गए हैं, लेकिन पुलिस ने गहनता से जांच पड़ताल की तो चालक ही साजिशकर्ता निकला।
विस्तार
बदायूं में रिफाइंड लदे ट्रक लूटकांड का खुलासा कर दिया गया। एसएसपी डॉ. बृजेश सिंह ने बताया कि ट्रक चालक ने ही 20 लाख रुपये का कर्ज उतारने के लिए लखीमपुर के साथी चालक के साथ मिलकर रिफाइंड लूट की साजिश रची थी। दोनों ने लखीमपुर खीरी के गोलाकरण नाथ निवासी पिता-पुत्र को 12 लाख रुपये में रिफाइंड बेचा था। पुलिस ने आरोपी चालक, उसके साथी और पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया। सोमवार को उन्हें जेल भेज दिया गया। नमकीन व्यापारी की तलाश में पुलिस जुटी है। पुलिस ने 14 लाख रुपये की नकदी, 287 खाली व सात भरे रिफाइंड पीपे एवं एक कार बरामद की है।
एसएसपी ने बताया कि ट्रक चालक सर्वजीत नशे का आदी है। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान भी उसने अभिरक्षा में तैनात पुलिस कर्मियों से नशे के लिए अफीफ व नशीले पदार्थ की मांग की थी। तब से ही पुलिस को चालक पर शक हो गया। लूटकांड के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित थीं। दातागंज से संभल के गुन्नौर तक करीब डेढ़ हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई थी। कुछ फुटेज में अहम सुराग मिले। इसमें दातागंज इलाके में ट्रक का तिरपाल कसा नजर आया, लेकिन उझानी इलाके के सीसीटीवी कैमरों में तिरपाल खुला हुआ नजर आया।
UP: हनुमान मंदिर में खोदाई के दौरान मिला राम दरबार, पीतल के बक्से में रखी थीं मूर्तियां, लोगों में कौतूहल
पुलिस ने चालक से सख्ती से पूछताछ की। इस पर वह टूट गया। उसने बताया कि उसपर करीब 20 लाख रुपये कर्ज हो चुका था। जिसको चुकाने के लिए उसने अपने साथी पलविंदर पुत्र मुख्तियार सिंह निवासी मैगलगंज जिला लखीमपुर खीरी की मदद ली। फिर रिफाइंड लूटने की साजिश रची। दोनों ने मिलकर लखीमपुर खीरी में मैसर्स गोविंद इंडस्ट्रीज मैन्युफेक्चर ऑफ माइक्रो न्यूट्रिन्स फर्टिलाइजर एंड पेस्टीसाइड फार्मुलेशन के मालिक रितिक गुप्ता और उसके बेटे मनीष गुप्ता को 12 लाख रुपये में 1500 पीपे रिफाइंड के बेच दिए थे।
10 लाख रुपये ट्रक चालक सर्वजीत ने लिए। शेष दो लाख पलविंदर ने लिए। इसके बाद व्यापारी मनीष गुप्ता व रितिक गुप्ता ने उस रिफाइंड को नमकीन व्यापारी दीपू गुप्ता एवं शिव कुमार तोलानी पुत्र चंदीराम तोलानी निवासी लखीमपुर खीरी को 15 लाख रुपये में बेच दिए। चालक सर्वजीत, पलविंदर, मनीष गुप्ता और रितिक गुप्ता को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने अब नमकीन व्यापारियों की तलाश कर रही है।
जेल में हुई थी तीनों की मुलाकात
एसएसपी ने बताया कि सर्वजीत, पलविंदर और मनीश का आपराधिक इतिहास है। सर्वजीत पहले अवैध शराब की तस्करी में जेल जा चुका है। परविंदर भी गांजा तस्करी में जेल जा चुका है। मनीष गुप्ता गैंगस्टर है। उसके खिलाफ लखीमपुर खीरी में गैंगस्टर, धोखाधड़ी, एससीएसटी एक्ट, एवं कॉपी राइट समेत दस मुकदमे दर्ज हैं। तीनों की जेल में मुलाकात हुई थी। इस वजह से तीनों ने मिलकर लूट की साजिश को अंजाम दिया।
यह हुई थी घटना
23 जनवरी की रात हरियाणा के भिवानी थाना क्षेत्र एवं मौजूदा दिल्ली के स्वरूप नगर निवासी चालक सर्वजीत सिंह सोयाबीन रिफाइंड के 1500 पीपे लदे ट्रक को लेकर दातागंज क्षेत्र से गुजर रहा था। उसने बदायूं पुलिस को बताया था कि दातागंज के सादुल्लागंज गांव के समीप कार सवार बदमाशों ने ट्रक को लूट लिया था। उसको कार में बंधक बना लिया गया था। ट्रक को बदमाश लेकर फरार हो गए थे। जांच में चालक की पोल खुल गई।
एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक लूटकांड का साजिशकर्ता उसका चालक सर्वजीत ही था। उसने ही साथी के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। चार आरोपियों को जेल भेजा गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।