बदायूं। जिले में नशे के कारोबार पर नारकोटिक्स आयुक्त लखनऊ की टीम खुफिया निगरानी करेगी। आयुक्त ने नशे का कारोबार रोकने के लिए लखनऊ और बरेली के अधिकारियों को मिलाकर डिवीजन टीम बनाई है। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम ने शुक्रवार को दातागंज के गांव भगवानपुर में छापा मारकर यहां से 2.50 किलो एल्प्राजोलम टैबलेट और करीब सौ ग्राम हेरोइन बरामद की थी।
दरअसल, ड्रामाडोज, डायजीपॉम, एल्प्रेक्स, एल्प्राजोलम जैसी प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर नियंत्रण की जिम्मेदारी भी नारकोटिक्स ब्यूरो की होती है। अफीम, हेरोइन, स्मैक जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री रोकना भी ब्यूरो की जिम्मेदारी है। शुक्रवार को ब्यूरो की टीम ने भगवानपुर में छापा मारकर गांव के थम्मन को गिरफ्तार किया था, जबकि चार लोग अभी भी पकड़ में नहीं आए हैं। ऐसे में टीम ने वीरेंद्र, सतीश, शांति देवी और रेशमा देवी की तलाश में शनिवार को दातागंज के कई गांवों में दबिश दी, लेकिन यह लोग हाथ नहीं आए।
केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के अधीक्षक बरेली डिवीजन लालाराम दिनकर का कहना है कि फरार हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी गई है। मेडिकल स्टोरों पर प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री रोकने को औषधि विभाग को भी लिखा गया है। नशे के कारोबार की खुफिया निगरानी के साथ बदायूं के अफीम के काश्तकारों की भी निगरानी की जा रही है।
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में बदायूं में बड़ी संख्या में अफीम, स्मैक और डोडा पकड़े जाने के मामले दर्ज हुए हैं। ऐसे में यहां विशेष नजर रखने के लिए डिवीजनल टीम बनाई गई है। टीम में लखनऊ के अधिकारी भी शामिल हैं।