बिल्सी। ग्राम दिधौनी में बुधवार को एक मासूम छात्रा की पेट में संक्रमण के कारण उपचार के दौरान मौत हो गई। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
गांव दिधौनी निवासी सुनील कुमार की सात वर्षीय पुत्री प्रज्ञा गांव के मिथिलेश कुमारी मॉडर्न स्कूल में कक्षा एक की छात्रा थी। बताया जाता है कि कुछ दिन पहले वह घर पर खेलते समय गिर गई थी, जिससे उसके पेट में अंदरूनी चोट लग गई थी। शुरुआत में चोट सामान्य समझकर परिवार के लोगों ने ध्यान नहीं दिया, लेकिन धीरे-धीरे उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई और पेट में संक्रमण बढ़ गया।
परिजन उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान छात्रा ने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बाद में परिजनों ने छात्रा के शव का कछला घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया। छात्रा की असमय मौत से गांव में शोक का माहौल है। ग्राम प्रधान गोपाल शाक्य सहित कई ग्रामीणों ने शोक संवेदना प्रकट की है।