UP: बदायूं में प्रेमी युगल ने खाया जहर, सड़क पर बेहोशी के हालत में मिले; अस्पताल में तोड़ा दम
कस्बे के ही रहने वाले युवक का पड़ोस की ही किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों की जाति अलग थी। कस्बे के लोगों को दोनों के बीच चल रहे प्रेम-संबंधों को पता चला तो धीरे-धीरे यह मामला चर्चा का विषय बन गया।
विस्तार
बदायूं स्थित बिनावर थाना क्षेत्र में प्रेमी युगल ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बिनावर और मलिकपुर गांव के बीच रोड किनारे जहर खाया इससे उनकी हालत बिगड़ गई। दोनों के परिजन उन्हें बरेली ले गए, जहां बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया।
कस्बे के ही रहने वाले युवक का पड़ोस की ही किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। दोनों की जाति अलग थी। कस्बे के लोगों को दोनों के बीच चल रहे प्रेम-संबंधों को पता चला तो धीरे-धीरे यह मामला चर्चा का विषय बन गया। किशोरी के परिजनों को लोगों ने बताया तो उन्होंने उसके घर से बाहर निकलने पर पाबंदी लगा दी।
सोमवार दोपहर दो बजे किसी तरह से लड़की अपने घर से निकली और युवक के साथ मलिकपुर गांव की ओर चली गई। गांव के पास रोड किनारे दोनों ने जहरीला पदार्थ खा लिया। शाम के समय राहगीरों ने देखा कि दोनों बेहोशी की हालत में पड़े हैं। यह देखकर उन्होंने युवक और किशोरी के परिजनों को सूचना दी तो वह मौके पर पहुंच गए।
परिजन दोनों को लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे जहां से उनकी हालत गंभीर देखते हुए बरेली रेफर कर दिया गया। बरेली के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान पहले युवक ने शाम को और बाद में रात को किशोरी ने दम तोड़ दिया। इस संबंध में एसएचओ राजेश कुमार का कहना है कि इस तरह की सूचना थाने पर नहीं आई है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।