यूपी: झोलाछाप ने गर्भवती को लगाया इंजेक्शन, कुछ ही देर में हो गई मौत, परिजनों ने किया हंगामा
बदायूं जिले के कछला में झोलाछाप महिला के क्लीनिक पर मंगलवार रात इंजेक्शन लगने के बाद एक गर्भवती महिला की हालत बिगड़ गई और फिर बरेली में उसकी मौत हो गई। मृतिका के नाराज परिजन शव लेकर झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचे और खूब हंगामा किया।
झोलाछाप चिकित्सक जब अपने घर से नहीं निकली तो उसकी क्लीनिक पर परिजनों ने जमकर तोड़फोड़ की। मामले की यूचना मिलने पर पुलिस ने झोलाछाप से पूछताछ की है। कछला के वार्ड नंबर-10 निवासी 26 वर्षीय सोनी तीन-चार महीने से गर्भवती थी। दोपहर में उसे बुखार आ गया।
बकौल दुष्यंत, वह शाम को सोनी को लेकर कस्बे में एक झोलाछाप महिला के क्लीनिक पहुंचा। झोलाछाप ने सोनी को इंजेक्शन लगा दिया। इसके कुछ देर बाद ही सोनी को चक्कर आने लगे। उसकी हालत बिगड़ते ही झोलाछाप के हाथ-पैर फूल गए। घरवाले पहले उसे लेकर बदायूं पहुंचे फिर बरेली के एक हायर सेंटर पर रात में ही भर्ती करा दिया लेकिन इलाज के दौरान ही सोनी की मौत हो गई।
इससे गुस्साए परिजन सोनी के शव को लेकर झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचे। उन्होंने उसके क्लीनिक पर हंगामा कर दिया। इसके बाद भी झोलाछाप जब बाहर नहीं निकली तो गुस्साए लोगों ने उसके क्लीनिक के गेट पर तोड़फोड़ कर दी। सूचना के बाद कछला चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार मौके पर पहुंच गए।
मृतका के घरवालों को समझाकर घर भेजने के बाद बुधवार सुबह पुलिस ने आरोपी झोलाछाप को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। मृतका के पति दुष्यंत की ओर से आरोपी झोलाछाप के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए कोतवाली में तहरीर भी दी गई लेकिन देर शाम तक पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी रही।
महिला झोलाछाप की पैरोकारी में जुटे लोग, मारपीट का आरोप
गर्भवती सोनी की मौत के बाद झोलाछाप के क्लीनिक पर पहुंचे लोगों पर मारपीट का आरोप लगा है। झोलाछाप की पैरोकारी में जुटे लोगों ने पुलिस को बताया कि हंगामा करने वालों ने उसके साथ मारपीट की। हालांकि आरोपी झोलाछाप की ओर से कोतवाली में मारपीट की तहरीर नहीं दी गई है, लेकिन मृतका पक्ष के लोगों की मानें तो आरोपी झोलाछाप लापरवाही को दबाने के लिए साजिश रच रही है।
प्रभारी निरीक्षक उझानी विशाल प्रताप सिंह ने कहा कि मृतका के परिवार की शिकायत पर महिला के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं मिली है लेकिन रिपोर्ट के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।