बदायूं। ममता सेवी संस्था की ओर से राजकीय महिला महाविद्यालय में निशुल्क परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। इसमें छात्राओं के हित में महाविद्यालय को सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन भेंट की।
शिविर में डॉ. वंदना ने छात्राओं के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल छात्राओं को स्वास्थ्य जागरूकता और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक होगी। निःशुल्क परामर्श सत्र में नेत्र चिकित्सक व संस्था की उपाध्यक्ष डॉ. प्रतिभा मिश्रा ने मासिक धर्म से जुड़ी समस्याओं, उनसे बचाव और स्वच्छता की महत्ता पर जानकारी दी। संस्था की अध्यक्षा व संस्थापिका डॉ. ममता नौगरैया ने माहवारी चक्र के दौरान स्वच्छता बनाए रखने और सही उत्पाद चुनने की जानकारी दी। वेंडिंग मशीन से नैपकिन प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने कहा कि इसमें पांच रुपये का सिक्का डालने पर सेनेटरी पैड प्राप्त होगा। हेड कांस्टेबल लक्ष्मी तिवारी ने महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, 112 और 181 की जानकारी छात्राओं को दी। कार्यक्रम में डॉ. सरला चक्रवर्ती, डॉ. प्रतिभा गुप्ता, आभा गोयल, दीप्ति गुप्ता, डॉ. शुभ्रा माहेश्वरी आदि मौजूद रही।