Budaun: 'योगी बाबा मेरी मदद करें... अब नहीं करूंगा बदमाशी', गले में तख्ती डालकर थाने पहुंचा हिस्ट्रीशीटर
फायरिंग और पथराव के मामले में वांछित मुन्ना सेठी को पुलिस तलाश कर रही थी। बृहस्पतिवार को वह गले में तख्ती लटकाकर थाने पहुंचा और सरेंडर कर दिया। उसने कहा कि वह अब कभी बदमाशी नहीं करेगा।
विस्तार
बदायूं में सहसवान कोतवाली के बाद अब फैजगंज बेहटा थाने में बृहस्पतिवार दोपहर एक हिस्ट्रीशीटर अपने गले में तख्ती डालकर पहुंचा। उसने कहा कि उसका नाम मुन्ना सेठी है। अब वह बदमाशी नहीं करेगा। दो दिन पहले उसने गांव में सरेआम फायरिंग कर दी थी। तब से पुलिस उसे तलाश कर रही थी। अब उसने खुद ही सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
मंगलवार रात फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मानपुर में दो पक्षों के बीच मारपीट व पथराव हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के ऊपर कई राउंड गोलियां भी दागी थीं। फायरिंग करने वालों में हिस्ट्रीशीटर मुनेश उर्फ मुन्ना सेठी भी शामिल था। गांव के हरद्वारी का कहना था कि उनके भतीजे वीरपाल से हिस्ट्रीशीटर मुन्ना सेठी, दिनेश, चंद्रकेश, शेर सिंह और खिलाड़ी से झगड़ा हो गया था। वह उससे गालीगलौज कर रहे थे। उसके साथ मारपीट भी की और फायरिंग कर दी।
ये भी पढ़ें- 'योगी बाबा मेरी रक्षा करें': गले में तख्ती टांगकर कोतवाली पहुंचा गैंगस्टर, बोला- अब कभी नहीं करुंगा गोकशी
हिस्ट्रीशीटर के पिता लटूरी का कहना था कि उनका बेटा मुनेश उर्फ मुन्ना सेठी गांव में परचून की दुकान पर सामान लेने गया था। तभी रास्ते में वीरपाल, हरद्वारी, प्रेमपाल, नेकपाल और संजेश ने उसके साथ गालीगलौज कर दी। उसके साथ मारपीट कर दी और बाद में फायरिंग की, जिससे उनका बेटा घायल हो गया। थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन आरोपी गांव से भाग गए।
बृहस्पतिवार को हिस्ट्रीशीटर मुनेश उर्फ मुन्ना सेठी अपने गले में तख्ती डालकर फैजगंज बेहटा थाने पहुंचा। उसने तख्ती पर अपने नाम पते के साथ यह लिख रखा था कि वह अब बदमाशी नहीं करेगा। योगी बाबा उसकी मदद करें। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि हिस्ट्रीशीटर को जेल भेज दिया गया है। इस मामले में जो भी नामजद हैं, सभी को गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा।