बदायूं: भैंस चोरी का आरोपी हिस्ट्रीशीटर मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली, सिपाही भी घायल
इस्लामनगर में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। वह भैंस चोरी के दो मामलों में वांछित था। मुठभेड़ में आरोपी शौकीन के पैरों में गोली लगी और एक सिपाही भी घायल हुआ। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में भैंस चोरी के दो मामलों में वांछित चल रहे हिस्ट्रीशीटर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक शनिवार देर रात भवानीपुर-बिसौली मार्ग पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी। मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग की बाइक पर एक शातिर बदमाश भवानीपुर से बिसौली रोड की ओर आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने भवानीपुर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान सफेद बाइक आती दिखाई दी। पुलिस ने बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। फायरिंग में सिपाही काले सिंह घायल हो गए।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार शौकीन उर्फ शानू उर्फ शौकत के पैरों में गोली लगी। शौकीन मोहल्ला मुस्तफाबाद इस्लामनगर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, एक कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद की है। घायल आरोपी और सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
आरोपी पर 38 मामले हैं दर्ज
पुलिस के मुताबिक, शौकीन थाना इस्लामनगर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ बदायूं समेत संभल जिले के विभिन्न थानों में चोरी, लूट के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत 38 केस दर्ज हैं। वह इस्लामनगर थाने में दर्ज भैंस चोरी के मामले में भी वांछित था।
मामले में उसके सहयोगी शाहरुख को पांच सितंबर को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और बरामदगी के संबंध में भी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपी हिस्ट्रीशीटर है। आरोपी भैंस चोरी मामले में भी वांछित चल रहा था। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही हैं।