प्रेमी ने दिया धोखा: चार साल तक लूटी छात्रा की आबरू, फिर दूसरी जगह कर ली शादी; टुकड़े-टुकड़े करने की दी धमकी
कोतवाली इलाके की रहने वाली छात्रा ने अपने प्रेमी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। प्रेमी के चाचा को भी नामजद किया है।
विस्तार
बदायूं में छात्रा के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। प्रेमी ने शादी का झांसा देकर छात्रा का शोषण किया। बाद में धोखा देकर दूसरी युवती से शादी कर ली। कोतवाली इलाके की पीड़ित छात्रा ने आरोपी प्रेमी के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का लगाकर एफआईआर दर्ज कराई है।
पीड़ित छात्रा के मुताबिक वह शहर की एक कोचिंग में पढ़ने जाती थी। वहीं उसावां थाना क्षेत्र के गांव गौंतरा निवासी धीरज यादव भी पढ़ने आता था। वर्ष 2019 में उसकी धीरज यादव से गहरी दोस्ती हो गई। जिस मकान में वह रह रही थी, धीरज ने भी उसमें एक कमरा किराये पर ले लिया और उसके साथ रहने लगा। उसने शादी का झांसा दिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
प्रेमी ने दूसरी युवती से की शादी
धीरज 2023 तक शादी का झांसा देता रहा और उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। इस दौरान परिवार वालों ने उसकी शादी तय कर दी लेकिन धीरज ने उसकी शादी तुड़वा दी। बाद में खुद ही अपने परिवार वालों की मर्जी से धीरज ने दूसरी युवती से शादी कर ली। छात्रा ने उसका विरोध किया। जब इसके बारे में धीरज के चाचा को पता चला तो उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी।
छात्रा के टुकड़े-टुकड़े करने की धमकी दी। छात्रा ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन जब कार्रवाई नहीं हुई तो उसने न्यायालय की शरण ली। बृहस्पतिवार शाम पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर धीरज और उसके चाचा रविंद्र के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली।