140 की बीयर 150 रुपये में बेची: सेल्समैन को 10 रुपये अधिक लेना पड़ा भारी, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज
आबकारी निरीक्षक ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर बीयर शॉप पर भेजा। सेल्समैन ने 140 रुपये की बीयर 150 रुपये में दी। इस पर आबकारी निरीक्षक ने सेल्समैन के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
विस्तार
बदायूं के बिल्सी कस्बे में बीयर की दुकान पर ओवररेट का मामला पकड़ा गया। काफी समय से ओवररेट पर बिक्री की जा रही थी। इसकी तमाम शिकायतें मिल रही थीं। बृहस्पतिवार को आबकारी निरीक्षक ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर भेजा। सेल्समैन ने 140 रुपये की बीयर 150 रुपये में दी। आबकारी निरीक्षक ने सेल्समैन के खिलाफ धोखाधड़ी के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
आबकारी निरीक्षक चमन सिंह के अनुसार बिल्सी कस्बे में बाईपास पर बीयर की दुकान है। बृहस्पतिवार शाम दुकान पर मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव रफीनगर निवासी देवेंद्र पुत्र रक्षपाल सिंह सेल्समैन बैठा हुआ था। इसी दौरान उन्होंने गोपनीय रूप से जांच खरीदारी कराई। उन्होंने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। उनके कर्मचारी ने दो सौ रुपये का नोट निकालकर सेल्समैन को दिया।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: कांवड़ यात्रा की अनुमति निरस्त, विरोध में चक महमूद का बाजार बंद; भाजपा विधायक से मिले लोग
आबकारी निरीक्षक ने पकड़ा सेल्समैन
इस पर सेल्समैन ने वुड पेकर क्रेस्ट स्ट्रांग प्रीमियर बीयर की केन निकाल कर दी। उसने दो सौ रुपये में कर्मचारी को 50 रुपये का नोट लौटाकर दिया जबकि बीयर पर 140 रुपये मूल्य पड़े थे। उसने दस रुपये ज्यादा लेकर बीयर की बिक्री की, तभी आबकारी निरीक्षक मौके पर पहुंच गए।
ये भी पढ़ें- दिल के अरमां आंसुओं में बह गए: प्रेमिका करती रही बरात का इंतजार, दूल्हा दूसरी युवती के साथ हुआ फरार
आबकारी निरीक्षक ने बताया कि यह ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी है। सेल्समैन एक सोची समझी साजिश के तहत बीयर को ओवररेट पर बेच रहा था। वह ग्राहकों से अवैध वसूली कर रहा था। इससे आबकारी विभाग की छवि धूमिल हो रही था। आबकारी निरीक्षक ने थाने पहुंचकर सेल्समैन के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने इसकी विवेचना शुरू कर दी है।