गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: कैंटर से टकराई कार, पिता-पुत्र की मौत, महिला समेत तीन घायल
गंगा एक्सप्रेसवे पर संभल-बदायूं जिले की सीमा के पास बृहस्पतिवार को तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कैंटर में पीछे से जा घुसी। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। मृतक की पत्नी समेत तीन घायल हो गए।
विस्तार
गंगा एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में ग्रेटर नोएडा निवासी जफरुल हसन और उनका सात वर्षीय बेटा अर्श मोहम्मद है। इस दुर्घटना में जफरुल की पत्नी नाजीश, उनका एक अन्य बच्चा और कार चालक समीर घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा संभल-बदायूं जिले की सीमा के पास चैनल नंबर 31 पर हुआ। तेज रफ्तार कार आगे चल रहे एक कैंटर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जफरुल हसन परिवार के साथ बदायूं के मनौना में एक शोक कार्यक्रम से लौट रहे थे। वे चालक समीर की कार से ग्रेटर नोएडा जा रहे थे।
यह भी पढ़ें- यूपी: प्रदेश में पहली बार तेंदुओं की तादात रोकने की कोशिश, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए एक बड़ी पहल
हादसे में जफरूल हसन और उनके मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई पहुंचाया। वहां उनका उपचार चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने हादसे में दो लोगों की मृत्यु और तीन के घायल होने की पुष्टि की।
अनियंत्रित होकर टकराई थी कार
बताया गया है कि बृहस्पतिवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर चैनल नंबर 31 के पास यह दुर्घटना हुई। कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र की मौके पर ही मृत्यु हो गई। कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था। पुलिस के अनुसार, घटना संभल जिले के बहजोई थाना क्षेत्र में हुई है।