Budaun News: ट्यूबवेल के सामने गड्ढे में पड़ा मिला किसान का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
बदायूं के फैजगंज बेहटा क्षेत्र में रविवार की रात एक किसान का शव ट्यूबवेल के गड्ढे में मिला। परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या की आरोप लगाया। वहीं पुलिस ने इसे सामान्य मौत मान रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
विस्तार
बदायूं के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव मुगर्रा में रविवार रात करीब नौ बजे 45 वर्षीय किसान जगन्नाथ का शव ट्यूबवेल के सामने गड्ढे में मिला। हालांकि उस गड्ढे में ज्यादा पानी नहीं था लेकिन किसान का सिर उसमें डूबा हुआ था। उसके परिवार वाले हत्या का आरोप लगा रहे हैं जबकि पुलिस का कहना है कि किसान के शरीर पर चोटों के निशान नहीं मिले हैं। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसकी रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।
ग्राम मुगर्रा निवासी जगन्नाथ खेतीबाड़ी करते थे। उनके बेटे धर्मेश का कहना है कि उसके पिता अक्सर ट्यूबवेल पर ही रहते थे। वहीं उनको खाना पहुंचा दिया जाता था। उनके खेत में धान की पौध पड़ी है। हर समय उसकी रखवाली रहती है, जिससे उसके पिता घर नहीं आते थे। वह रविवार शाम को भी घर नहीं आए थे। रात करीब नौ बजे वह अपने ट्यूबवेल पर पहुंचा तो उसने देखा कि पिता जगन्नाथ ट्यूबवेल के सामने गड्ढे में पड़े हैं।
गड्ढे में औंधे मुंह पड़े मिले
उसी गड्ढे में ट्यूबवेल का पानी गिरता था। हालांकि उस दौरान गड्ढे में ज्यादा पानी नहीं था। केवल तीन-चार इंच पानी था। उसी में जगन्नाथ औंधे मुंह पड़े थे। उसने अपने पिता को गड्ढे से निकाला लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। उसकी सूचना पर परिवार के अन्य लोग भी रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने यूपी 112 पुलिस को सूचना दे दी, जिससे पुलिस मौके पर पहुंच और मामले की छानबीन शुरू कर दी। बाद में फैजगंज बेहटा एसओ वेदपाल सिंह भी आ गए। परिवार वालों का आरोप है कि तीन-चार दिन पहले गांव के लोगों ने झगड़ा हुआ था। उन्हीं ने ट्यूबवेल पर आकर जगन्नाथ की हत्या कर दी।
बरेली बवाल की पूरी कहानी: 30 लाख रुपये में रची गई थी साजिश, इतनी गोलियां चलीं... दीवारों की हुई ये हालत
अभी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। पुलिस ने किसान के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एसओ वेदपाल सिंह का कहना है कि किसान के शरीर पर चोटों के निशान नहीं मिले हैं। उसकी साधारण मौत लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।