फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Budaun News ›   Family Tormented by Bullies Flees Village; Woman Consumes Poisonous Substance Outside SSP's Office

Budaun News: दबंगों से त्रस्त परिवार ने छोड़ा गांव, एसएसपी दफ्तर के सामने महिला ने खाया जहरीला पदार्थ

Fri, 03 Apr 2026 01:41 AM IST
Bareily Bureau बरेली ब्यूरो
Updated Fri, 03 Apr 2026 01:41 AM IST
विज्ञापन
Family Tormented by Bullies Flees Village; Woman Consumes Poisonous Substance Outside SSP's Office
एसएसपी आफिस के बाहर खड़ा गुड़लिया का परिवार। स्रोत- सोशल मी​डिया
बदायूं। गुलड़िया नगर पंचायत में दबंगों के कथित उत्पीड़न से त्रस्त एक परिवार ने गांव छोड़ दिया। दबंगों की शिकायत लेकर बृहस्पतिवार को पूरा परिवार एक ट्रैक्टर-ट्रॉली में गृहस्थी का सारा सामान लादकर एसएसपी कार्यालय के सामने पहुंच गया। एसएसपी से मिलने के बाद परिवार की एक महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया, जिससे उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है। इस पूरे मामले की जांच के लिए एसएसपी ने आदेश दिए है। जांच सीओ उझानी को सौंपी गई है।
विज्ञापन

घटना मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम गुलड़िया नगर पंचायत की है। यहां के वार्ड संख्या 10 निवासी 75 वर्षीय रामभरोसे, उनकी पत्नी मुन्नी देवी, पुत्र हरीश, पुत्रवधू सुनीता शर्मा एवं परिवार के अन्य सदस्य लंबे समय से कस्बे के ही अर्पित उर्फ भोले के साथ विवाद में उलझे हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच कई बार मारपीट और मुकदमेबाजी हो चुकी है। इनका परिवार काफी समय से कथित रूप से दबंगों की प्रताड़ना झेल रहा है।
विज्ञापन

पीड़ित का आरोप है कि गांव में उनकी बिरादरी का अकेला परिवार होने के चलते उन्हें निशाना बनाया जा रहा था। आए दिन गाली-गलौज, मारपीट, घर में घुसकर अभद्रता और महिलाओं की बेइज्जती जैसी घटनाएं आम हो चुकी थीं।
विज्ञापन
विज्ञापन

हरीश शर्मा का कहना है कि उन्होंने कई बार मूसाझाग थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की। इससे आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। लगातार हो रहे उत्पीड़न से टूट चुके परिवार ने आखिरकार गांव छोड़ने का फैसला कर लिया।
बृहस्पतिवार सुबह पूरा परिवार ट्रैक्टर-ट्रॉली में अपना सामान लादकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गया। अधिकारियों के सामने अपनी आपबीती रखी। परिवार वाले एसएसपी अंकिता शर्मा से मिलकर जब कार्यालय से बाहर सिविल लाइंस कोतवाली के पास पहुंचे, तभी हरीश की पत्नी सुनीता ने अचानक जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही वह अचेत होकर सड़क पर गिर पड़ी। महिला के गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई। इस बीच आनन-फानन में मौके पर पहुंचे सिविल लाइंस कोतवाल हरेंद्र सिंह ने महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया जहां त्वरित इलाज मिलने के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सीओ उझानी करेंगे पूरे मामले की जांच
एसपी सिटी विजयेंद्र द्विवेदी ने बताया कि नगर पंचायत गुलड़िया थाना मूसाझाग निवासी महिला ने अपराह्न करीब 1:30 बजे सिविल लाइन्स क्षेत्र में कीटनाशक का सेवन कर लिया था। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बिना देरी किए उसे अस्पताल पहुंचाया। जांच में सामने आया कि महिला का अपने ही पड़ोस के एक व्यक्ति से पिछले करीब डेढ़ वर्ष से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। इनमें से तीन मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए जा चुके हैं, जबकि एक मामला अभी विवेचना में है।
बताया गया कि संबंधित विवेचनाधीन प्रकरण के सिलसिले में ही महिला पुलिस कार्यालय आई थी। इस दौरान अधिकारियों ने स्थानीय थाना पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस कार्यालय से निकलने के कुछ ही देर बाद महिला ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना को गंभीरता से लेते क्षेत्राधिकारी उझानी को पूरे प्रकरण की गहन जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

गुड़लिया में घर बंद, रेलवे स्टेशन पर बैठा परिवार
गुलड़िया। पीड़ित परिवार का कहना है कि उनके मोहल्ले में अर्पित पटेल नाम के युवक द्वारा लगातार उनके परिवार का उत्पीड़न किया जा रहा है। आरोप है कि युवक पुलिस व राजनीतिक संरक्षण के चलते उनको परेशान कर रहा है। उसकी पहुंच अच्छी होने के चलते पुलिस भी कार्रवाई नहीं करती है। इसी का नतीजा है कि उनको घर बंद कर गांव छोड़ने को मजबूर होना पड़ा है। उनके घर में ताला बंद है। एक महिला अस्पताल में भर्ती है, जबकि अन्य लोग रेलवे स्टेशन पर बैठकर समय काट रहे हैं।

वहीं इनके विपक्षी अर्पित पटेल ने भी मीडिया के सामने आकर बताया कि उसको भी यह लोग लंबे समय से परेशान कर रहे हैं। इंस्पेक्टर मूसाझाग वीरेंद्र तोमर ने बताया कि पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। परिवार को वापस उसके घर भेजा जाएगा। इंस्पेक्टर ने बताया कि इनके विपक्षी युवक ने भी इसी तरह कुछ दिन पहले विषाक्त खा लिया था। संवाद

एसएसपी आफिस के बाहर खड़ा गुड़लिया का परिवार। स्रोत- सोशल मीडिया

एसएसपी आफिस के बाहर खड़ा गुड़लिया का परिवार। स्रोत- सोशल मीडिया

एसएसपी आफिस के बाहर खड़ा गुड़लिया का परिवार। स्रोत- सोशल मीडिया

एसएसपी आफिस के बाहर खड़ा गुड़लिया का परिवार। स्रोत- सोशल मीडिया

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed