काम की खबर: एडीटीसी से करें चार सप्ताह का कोर्स, प्रमाणपत्र से ही बन जाएगा ड्राइविंग लाइसेंस
बदायूं में प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केंद्र (एडीटीसी) ने डीएल बनवाने के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब वाहन चालक मोटर व्हीकल कोर्स पूरा कर इसके प्रमाणपत्र से सीधे डीएल प्राप्त कर सकेंगे, उन्हें अलग से परीक्षा नहीं देना होगी।
विस्तार
बदायूं शहर से करीब चार किलोमीटर दूर बिल्सी मार्ग पर परिवहन विभाग के अधीन प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केंद्र (एडीटीसी) संचालित है। करीब दस महीने पहले शुरू हुआ यह ऐसा केंद्र है, जहां ट्रक, कार, दोपहिया वाहनों के अलग-अलग ट्रैक बने हैं, जो पूरी तरह से सेंसरयुक्त हैं और हर कोना सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रहता है। इन्ही ट्रैक पर वाहन चालकों को वाहनों के साथ ड्राइविंग का कौशल दिखाना होता है, जिसमें मामूली फाल्ट चालक को फेल कर देता है।
प्रतिदिन 50 से 60 लोग लाइसेंस बनवाने के लिए अपना टेस्ट देने पहुंचते हैं, जिसमें से 15 से 20 लोग ट्रैक पर जरा सी लापरवाही से फेल हो जाते हैं, लेकिन अब वाहन चालकों को एडीटीसी ने ही एक ऐसी सुविधा दी है जिससे वाहन चालकों को डीएल बनवाने के लिए इधर-उधर धक्का खाने नहीं पड़ेंगे और न ही किसी कर्मचारी की जेब गर्म करनी पड़ेगी।
इस केंद्र के अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल ने बताया कि राज्य सरकार ने वाहन चालकों के लिए इस केंद्र में कई कोर्स संचालित कराए हैं। इसमें सबसे अहम कोर्स डीएल से जुड़ा है। जिसमें लाइट मोटर व्हीकल, मीडियम व हैवी मोटर व्हीकल कोर्स दिया है। इन कोर्स की ट्रेनिंग महज चार सप्ताह या फिर 29 से 38 घंटे में पूरी हो जाएगी। इसमें वाहन चालक को ट्रैक पर ही बारीकियां सिखाई जाती हैं ताकि वह वाहन चलाने में एक्सपर्ट हो सके। यहां से जारी होने वाले प्रमाणपत्र से ही उसका डीएल बन जाएगा, उसके लिए अलग से टेस्ट देने की जरूरत नहीं होगी।
इतनी है कोर्स की फीस
उन्होंने बताया कि लाइट मोटर व्हीकल कोर्स छह हजार रुपये और मीडियम व हैवी मोटर व्हीकल कोर्स के लिए वाहन चालक को दस हजार रुपये खर्च करने पड़ेंगे। यह सरकारी की ओर से घोषित जीएसटी सहित फीस है। इनके अलावा ट्रैफिक सिस्टम को समझने और हर मार्ग पर गाड़ी चलाने के संबंध में बारीकियां समझने के लिए पांच अन्य कोर्स भी संचालित हो रहे हैं। इसमें व्हीकल मैकेनिज्म एंड मेंटीनेंस, फ्यूल इफिसियंसी ट्रेनिंग कोर्स के लिए एक हजार रुपये, ट्रैफिक एजुकेशन एंड पब्लिक रिलेशन, रोड रेज व स्ट्रीट मैनेजमेंट ट्रेनिंग के लिए पांच हजार रुपये, रिफ्रेशर ओरिएंटेशन कोर्स के लिए एक हजार रुपये, फायर हजार्ड ट्रेनिंग ऑन व्हीकल कोर्स के लिए पांच हजार और ट्रेनिंग दि ट्रेनर कोर्स करने के लिए 10 हजार रुपये की फीस है। शुरूआत के दो कोर्स छोड़कर अन्य पांच कोर्स दो से छह दिन में पूरे हो जाएंगे।
इधर, एआरटीओ हरिओम ने बताया कि एडीटीसी में संचालित कोर्स राज्य सरकार के निर्देश पर ही संचालित कराए जा रहे हैं ताकि वाहन चालकों को ड्राइविंग सहित ट्रैफिक मैनेजमेंट की बारीकियों की समझ हो सके। एडीटीसी की रिपोर्ट ऑनलाइन आने के बाद ही वाहन चालक का डीएल जारी होता है। एक बार फेल होने पर संबंधित को कुछ समय बाद दूसरा मौका भी दिया जाता है।