बदायूं। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव इकलहरी में बृहस्पतिवार रात किसान श्रीपाल को गोली मार दी गई, जो उनके हाथ में जा लगी। किसान का आरोप है कि गांव के तीन लोग उनके ट्यूबवैल से सिंचाई को पानी मांग रहे थे। जब उन्हें पानी नहीं दिया तो उन्होंने गोली मार दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर इसकी जांच शुरू कर दी है।
मामला बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे का है। ग्राम इकलहरी निवासी 45 वर्षीय श्रीपाल के मुताबिक गांव के रजनेश, सुरजन और सोमपाल उनके ट्यूबवैल से सिंचाई को पानी मांग रहे थे। इसके लिए वह दबंगई दिखा रहे थे। जब उन्होंने पानी देने से मना कर दिया तो आरोपी हमलावर हो गए। बृहस्पतिवार शाम उन्होंने गालीगलौज की। उस समय मामला निपट गया। श्रीपाल अपने घर चले गए। रात को उन्होंने खाना खाया और अपनी चारपाई पर जाकर लेट गए। रात करीब दस बजे वह लघुशंका के लिए उठे। तभी तीनों आरोपियों ने उन्हें गोली मार दी जो उनके हाथ में जा लगी। इस पर श्रीपाल चीखकर गिर पड़े। उनकी चीख और गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक लोग मौके पर एकत्र हुए कि तब तक आरोपी मौके से भाग गए। रात में ही उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। इसकी सूचना पर थाना पुलिस और सीओ आलोक मिश्रा मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रजनेश, सुरजन और सोमपाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अभी कोई आरोपी पकड़ा नहीं गया है।