बदायूं: सेवा संकल्प अभियान के तहत रक्तदान शिविर का आयोजन, कई लोगों ने किया महादान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर बृहस्पतिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर लगा। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बदायूं में बृहस्पतिवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस मौके पर केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का श्रेष्ठ माध्यम है। प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया गया है। युवाओं को सेवा कार्यों में आगे आने की जरूरत है।
शिविर का शुभारंभ केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य, एमएलसी प्रतिनिधि शारदेन्दु पाठक, डीएम अवनीश राय, सीडीओ गामिनी सिंगला एवं मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव कुमार ने फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों ने रक्तदान करने वाले रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन कर उनको सम्मानित किया।
'सेवा भाजपा की कार्य संस्कृति का हिस्सा'
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा भाजपा की कार्य संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिलेभर में विभिन्न सेवा कार्यों का आयोजन कर समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का संदेश पहुंचाया जा रहा है। सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को ऐसे पुनीत कार्यों में आगे बढ़कर सहभागी बनना चाहिए।
बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि सेवा और सहयोग की भावना समाज को मजबूत बनाती है। रक्तदान शिविर के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने मानवता की सेवा का संदेश दिया है। पूर्व विधायक धर्मेंद्र शाक्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान जनसेवा को समर्पित है। रक्तदान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना भी इस अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।