{"_id":"7103bb2a009f3645bd6ee8a6160b9f55","slug":"become-an-obstacle-to-building-the-pavement-slab-and-pops-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":" स्लैब और चबूतरे बन रहे फुटपाथ निर्माण में बाधक ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
स्लैब और चबूतरे बन रहे फुटपाथ निर्माण में बाधक
उझानी (बदायूं)।
Updated Sat, 20 Feb 2016 11:54 PM IST
विज्ञापन
विज्ञापन
मेन मार्केट की नवनिर्मित सड़क के दोनों ओर फुटपाथ निर्माण पर अतिक्रमण की वजह से ग्रहण लगने लगा है। नगर पालिका परिषद ने बाइपास से फुटपाथ का निर्माण शुरू कराके अधिकांश हिस्से में इंटर लॉकिंग भी करा दी लेकिन बीच बाजार में एक गेस्ट हाउस और दुकानों के आगे पहले ही बना लिए गए स्लैब और चबूतरे बाधक बन गए हैं।
मेन मार्केट की सड़क का निर्माण पिछले साल पीडब्ल्यूडी ने कराया था। उच्चीकरण के साथ हॉट मिक्स कैटागिरी से बनी सड़क के दोनों ओर फुटपाथ निर्माण के लिए महीना भर पहले नगर पालिका परिषद की ओर से काम शुरू करा दिया गया। बाइपास से प्राइवेट बस स्टैंड तक तो फुटपाथ बन चुके हैं लेकिन जैसे ही काम आगे बढ़ा तो भारतीय स्टेट बैंक और पुराने बिजलीघर के आसपास इलाके में सड़क के सरकारी जमीन पर दोनों ओर कब्जा करके कुछेक दुकानदारों समेत एक गेस्ट हाउस के मालिक ने चबूतरे और स्लैब बनवा लिए।
विज्ञापन
सूत्रों की मानें तो उस वक्त अधिकतर दुकानदारों ने पीडब्ल्यूडी के अफसरों से अतिक्रमण की शिकायत भी की। चूंकि मेन मार्केट में सड़क किनारे की भूमि से अतिक्रमण हटवाने की पहल करने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी पर है, सो उस वक्त नगर पालिका परिषद की ओर से ज्यादा गौर नहीं किया गया। फुटपाथ निर्माण में ये स्लैब और चबूतरे बाधक बने तो नगर परिषद के अफसर भी असहज महसूस करने लगे हैं। अफसरों की परेशानी उस वक्त ज्यादा बढ़ गई, जब अधिकतर दुकानदारों ने ईओ से भेंट कर बाजार को अतिक्रमण मुक्त कराने पर जोर दिया।
विज्ञापन
जेई ने ईओ को सौंपी जांच रिपोर्ट
फुटपाथ निर्माण में बाधक बन रहे स्लैब और चबूतरों को लेकर अधिकतर दुकानदारों की शिकायत पर नगर परिषद के अवर अभियंता विनय सक्सेना ने निर्माण अनुभाग की टीम के साथ मौके पर जाकर जांच की। उन्होंने असलियत का भी पता लगा लिया। सड़क किनारों को चबूूतरों और स्लैब से मुक्त कराने के लिए अवर अभियंता ने जांच रिपोर्ट ईओ संजय कुमार तिवारी को सौंप दी है।
मामला उनके संज्ञान में आया तो उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अफसरों से बात की। फुटपाथ का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करा लिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी अफसरों का निर्देश मिलते ही वह इस काम में पुलिस का भी सहयोग लेने से पीछे नहीं हटेंगे।- संजय कुमार तिवारी, ईओ।