Budaun News: नेटवर्क कंपनी का अधिकारी बनकर उखाड़ ले गया मोबाइल टावर, आरोपी गिरफ्तार
गार्ड की नौकरी करने वाला व्यक्ति धोखाधड़ी कर मोबाइल टावर ही उखाड़ ले गया। पुलिस ने सोमवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बरेली का रहने वाला है।
विस्तार
बदायूं में बिसौली कोतवाली पुलिस ने धोखाधड़ी करके एक नेटवर्क कंपनी का टावर उखाड़ने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी शख्स बरेली जिले का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी निशानदेही से टावर के कलपुर्जे व नकदी बरामद कर ली है।
बिसौली कोतवाल विशाल प्रताप सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गांव लक्ष्मीपुर में एक नेटवर्क कंपनी का टावर व 20 केवी का जनरेटर लगा था, जो काफी समय से बंद था। इसे हटाने और बकाया किराए को लेकर जमीन मालिक ने कंपनी को सूचना दी थी, लेकिन कंपनी की ओर से कोई आधिकारिक कर्मचारी नहीं आया।
इस बीच नीरज निवासी ताखा उर्फ सुकटिया थाना सिरौली (बरेली) पहुंचे। उसने खुद को कंपनी का अधिकारी बताया। वह जमीन मालिक को चार साल का बकाया किराया 2.19 लाख रुपये देकर टावर समेत अन्य सामान ले गया। वहीं, कंपनी की ओर फर्जी शपथ पत्र व अन्य दस्तावेज भी थमा गया।
इसकी जानकारी जब नेटवर्क कंपनी के अधिकारियों को लगी तब मेरठ के मंगल पांडे निवासी कंपनी के टेक्नीशियन मुकेश मिश्र ने धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने जांच पड़ताल की। तब जालसाज नीरज की करतूत का खुलासा हुआ।
सोमवार को पुलिस ने आरोपी नीरज को बिसौली के अरिल नदी से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर 112 छोटे बड़े एंगल, 19 पत्ती, छह ज्वाइंट, तीन क्लैंप, एक एंगल का रिंग, छह पाइप छोटे-बड़े, पांच पाइप टी समेत 11,400 रुपये और एक मोबाइल बरामद कर लिया।
गार्ड की नौकरी करता था आरोपी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी नीरज ने बताया कि वह डेढ़ साल पहले टावर पर सुरक्षा गार्ड की नौकरी करता था। इस वजह से उसे टावर के लगाने व उखाड़ने के बारे में जानकारी थी। इसके बाद वह टावर उखाड़ने का ठेका लेने लगा। करीब एक साल पहले वह लक्ष्मीपुर गांव आया था। जहां उसे 2018 से बंद पड़े टावर की जानकारी हुई। इससे उसके मन में लालच आ गया। उसने जमीन मालिक को किराया देकर टावर उखाड़ लिया।