उसावां। गांव में घुसे सियार ने तीन कुत्ते व एक भैंस को हमला कर घायल कर दिया। घर के बाहर खेल रहीं दो बच्चियों को बमुश्किल सियार से बचाया जा सका। सियार द्वारा गांव के अंदर हमला करने से गांव वालों में भय का माहौल है। लोग सियार के खौफ से रात में सो भी नहीं सके।
थाना क्षेत्र के ग्राम भवन नगला में बुधवार रात साढ़े आठ बजे गांव के अंदर एक सियार आ गया। सियार के आने से कुत्ते भौंकने लगे। सियार ने हमला कर तीन कुत्तों को काटकर घायल कर दिया। इसके बाद सियार ने घर के बाहर खेल रही देव सिंह की पांच वर्षीय पुत्री रीता व पथराज सिंह के यहां रिश्तेदारी में आई तीन साल की धेवती पर भी झपट्टा मारा।
ग्रामीणों ने सियार को लाठी-डंडों से दौड़ा दिया। जाते-जाते सियार, देव सिंह की भैंस को भी काटकर घायल कर गया। सियार के गांव में घुस आने और हमला करने को लेकर ग्रामीण अपने बच्चों की सुरक्षा प्रति बेहद चिंतित और खौफजदा हैं। इसी खौफ में ग्रामीण रात को सो भी नहीं सके। सियार फिर न लौट आए, इसलिए लाठी- डंडे लेकर गांव में पहरा देते रहे। ग्रामीणों ने सियार के पागल होने की आशंका जताते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।