Murder in Bijnor: लेनदेन को लेकर युवक की हत्या, परिजनों ने लगाया जाम, मौके पर पहुंची चार थानों की पुलिस
Murder in Bijnor : लेनदेन के विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। वहीं, पीड़ित परिजनों ने जाम लगाकर हंगामा किया। उधर, सूचना मिलने पर अधिकारी समेत चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के चांदपुर में एक दुकान पर उधारी के रुपये मांगने पहुंचे युवक पर हमला कर हत्या कर दी गई। युवक का शव दुकान में बंद मिला। देर रात पुलिस द्वारा दुकान खुलवाने पर शव बरामद हुआ। उधर, गुस्साई भीड़ ने दुकानदार को पीट-पीटकर घायल कर दिया। वहीं मौके पर चार थानों की पुलिस बुला ली गई लेकिन, ग्रमीणों की भीड़ ने रोड पर जाम लगा दिया और जमकर हंगामा किया।
मोहल्ला गोकुल नगर निवासी 18 वर्ष अंकित पुत्र संजय सैनी के मोहल्ले के ही मुकेश पुत्र सुभाष ठाकुर पर रुपये उधार थे। मुकेश की बाजार से सिलारा मार्ग पर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। बताया गया कि बुधवार को दोपहर में करीब तीन बजे अंकित उसकी दुकान पर रुपये मांगने गया था, लेकिन उसके बाद से वह लापता हो गया। इस दौरान मुकेश दुकान का ताला लगाकर चला गया।
वहीं शाम में परिजन अंकित को तलाशते हुए मुकेश की दुकान पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस को मौके पर बुला लिया। इसके बाद पुलिस ने मुकेश को बुलाकर दुकान का ताला खुलवाया तो अंकित का खून से लथपथ शव मिला। अंकित का शव देख हर कोई हैरान रह गया।
यह भी पढ़ें: अहम बैठक: गृहमंत्री अमित शाह से मिला जमीयत का प्रतिनिधिमंडल, मॉब लिंचिंग समेत इन 14 मुद्दों पर हुई बातचीत
इसके बाद वहां मौजूद भीड़ ने मुकेश पर हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने आनन-फानन मुकेश को घायल अवस्था में अस्पताल भर्ती कराया। उधर, भीड़ मुकेश के घर पहुंच गई और तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच किसी तरह स्थिति को संभाला। वहीं, मृतक के परिजनों ने जमकर हंगामा किया।
यह भी पढ़ें: Meerut News : देश की प्रथम रेल का तेजी से चल रहा कार्य, वीडियो में देखिए टनल के अंदर का नजारा
इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। वहीं गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने कोतवाली चौराहे पर जाम लगा दिया। मौके पर चार थानों की पुलिस और एएसपी देहात राम अर्ज सिंह, सीओ, कोतवाल पहुंच गए हैं। फिलहाल पीड़ित परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।