Bijnor: परिवार के इकलौते बेटे की हौज में डूबकर मौत, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
Bijnor News : बिजनौर में एक परिवार पर गमों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार के इकलौते बेटे की हौज में डूबकर मौत हो गई। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
बिजनौर के किरतपुर में बुधवार को एक घटना हो गई। यहां ट्यूबवेल की हौज में डूबकर एक बच्चे की मौत हो गई। बच्चे की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
थाना क्षेत्र के ग्राम शहापुरा रतन सिंह निवासी मोहम्मद मोहसिन का छह वर्षीय पुत्र मोहम्मद असद मंगलवार की सुबह घर से मदरसे में पढ़ने गया था। छुट्टी के बाद वापस लौटने के दौरान वह अपने साथियों के साथ महेंद्र सिंह की ट्यूबवेल पर खेलने चला गया।
बताया गया कि ट्यूबवेल की हौज में लगभग पांच फीट पानी भरा हुआ था। असद हौज पर चढ़ा हुआ था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह हौज में जा गिरा। काफी देर बाद असद के दिखाई न देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसके बाद उसका शव हौज में पड़ा मिला।
असद के साथियों ने बताया कि हम ट्यूबवेल के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान असद हौज में गिर गया। वहीं, जिस समय असद के शव को घर लाया गया तो परिजनों में कोहराम मच गया। उनका रो-रो बुरा हाल था।
बताया गया कि असद इकलौता पुत्र था। असद की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। वहीं, गमगीन माहौल में असद को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।