बिजनौर में दर्दनाक घटनाएं: गम में बदलीं होली की खुशियां, मस्जिद में भी बच्चों को लगा करंट, युवक समेत दो की मौत
दो घरों में पसरा मातम : जहां होली की खुशियां गम में बदल गईं तो वहीं मस्जिद में पढ़ाई के दौरान तीन बच्चे करंट की चपेट में गए। जिले में करंट लगने से एक युवक समेत दो की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे बुरी तरह झुलस गए हैं।
विस्तार
बिजनौर जनपद में थाना मंडावर क्षेत्र के ग्राम फजलपुर निवासी अमन (24) पुत्र हेमेंद्र की होली खेलते हुए बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। उधर, झालू में भी मस्जिद में पढ़ने गए तीन बच्चे बिजली के करंट की चपेट में आ गए, जिनमें एक बच्चे की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अमन उर्फ मुंसी बुधवार को परिजनों के साथ घर पर होली खेल रहा था, घर के सदस्य को रंग लगाने के प्रयाश के दौरान युवक घर मे रखी बिजली की मोटर पर गिर गया। मोटर पर गिरने के कारण युवक करंट की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से झुलसे अमन को परिजन आनन फानन बिजनोर चिकित्सक के यहां ले गए, जहां पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की सूचना से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद गांव में होली की खुशियां गम में बदल गईं। मृतक युवक स्नातक का छात्र था।
मस्जिद में पढ़ने गए दो बच्चे करंट लगने से झुलसे, एक की मौत
बिजनौर के झालू नगर में स्थित मस्जिद में पढ़ने गए दो बच्चों को करंट लग गया। करंट लगने से एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन आनन-फानन बच्चे को निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए ले गए। लेकिन निजी चिकित्सक ने बच्चे को गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: Shamli News: अनियंत्रित होकर पलटी तेज रफ्तार बस, मची चीख-पुकार, 20 से ज्यादा यात्री घायल
कस्बा झालू के मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी अर्श (11) पुत्र हारून व अदनान (08) पुत्र नईम बृहस्पतिवार को नगर में स्थित एक मस्जिद में पढ़ने गए थे। परिजनों के अनुसार अर्श खेलते हुए मस्जिद के पास से गुजर रही उच्च क्षमता वाली के तार की चपेट में आ गया। उसे बचाने के प्रयास में अदनान और अर्श भी करंट की चपेट में आ गए। करंट की चपेट में आने से अदनान व अर्श बुरी तरह झुलस कर घायल हो गए।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे परिजन आनन-फानन युवकों को निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां पर अर्श की गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: होली के दिन लापता हुई बच्ची का शव दूसरे दिन नाले से बरामद, गोद में उर्वी को लेकर बिलखता रहा पिता
मृतक अर्श के पिता हारून ने बताया कि उनका पुत्र दो भाई व दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह एक प्राइवेट स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। वह छुट्टी के दिन मस्जिद में पढ़ने जाता था। पढ़ाई के दौरान वह खेलने लगा। खेलते हुए वह मस्जिद के पास से गुजर रही उच्च क्षमता (11 हजार) की लाइन वाले तार की चपेट में आ गया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां पर चिकित्सको ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत के बाद नगर में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में गम का माहौल पैदा हो गया है।