बिजनौर: नजीबाबाद-कोतवाली हाईवे पर खाना खा रहे तीन सिख यात्रियों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत
नजीबाबाद-कोतवाली हाईवे पर देर रात वाहन रोककर खाना खा रहे तीन लोगों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंद दिया। तीनों की मौके पर मौत हो गई, जबकि दो किशोर बाल-बाल बच गए।
विस्तार
बिजनौर जनपद में नजीबाबाद-कोतवाली हाईवे पर देर रात दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। रुद्रपुर से पंजाब में एक मेले में शामिल होने जा रहे सिख समाज के लोग बशीरपुर नहर पटरी मार्ग के पास वाहन रोककर खाना खा रहे थे। इसी दौरान हरिद्वार दिशा की ओर जा रहे तेज रफ्तार वाहन ने तीन लोगों को रौंद दिया। हादसे में तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि पास में खेल रहे दो किशोर बाल-बाल बच गए।
वाहन रोककर खाना खा रहे थे तीनों
जगतपुरा रविदास मंदिर, रुद्रपुर से अमनदीप सिंह, अर्शदीप सिंह, जग्गू और दो किशोर प्रिंस व सनी पिकअप वाहन से पंजाब में किसी मेले में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ पिकअप वाहन में दो घोड़े भी थे। देर रात करीब 12:30 बजे नजीबाबाद-कोतवाली मार्ग पर बशीरपुर नहर पटरी मार्ग के मोड़ से पहले सभी लोग वाहन रोककर खाना खाने के लिए रुके थे। तीन व्यक्ति हाईवे के पास जमीन पर बैठकर खाना खा रहे थे।
यह भी पढ़ें: सुपरटेक स्पोर्ट्स सिटी: तीन दिन से बिजली गुल-लिफ्ट बंद,14 मंजिल तक सीढ़ियों से आ-जा रहे लोग, पेयजल का भी संकट
तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर
इसी दौरान हरिद्वार दिशा से जा रहे तेज रफ्तार वाहन ने सड़क किनारे खाना खा रहे तीनों लोगों को रौंद दिया। हादसे में अमनदीप सिंह, अर्शदीप सिंह और जग्गू की मौके पर ही मौत हो गई। उनके पास 13 वर्षीय प्रिंस और 12 वर्षीय सनी भी मौजूद थे। दोनों हादसे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी
हादसे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. केजी सिंह और सीओ सुनील कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बंपर और नंबर प्लेट घटनास्थल पर गिरी
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का बंपर नंबर प्लेट समेत घटनास्थल पर ही गिर गया। पुलिस ने बंपर को कब्जे में लेकर उसके आधार पर वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है।