Tanzeel Ahmed murder: आरोपी मुनीर व रैय्यान को कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा, एनआईए अफसर को गोलियों से किया था छलनी
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में अदालत द्वारा तंजील हत्याकांड में दोषियों को फांसी की सजा सुनाई गई है। एडीजे कोर्ट पांच के जज डॉ. विजय कुमार तालियान ने दोनों आरोपियों मुनीर व रैय्यान को फांसी की सजा का एलान किया है।
विस्तार
बिजनौर जनपद में एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील हत्याकांड में मुख्य आरोपी मुनीर और रैय्यान को फांसी की सजा सुनाई गई है। एडीजे कोर्ट पांच के जज डॉ. विजय कुमार तालियान ने दोनों को फांसी की सजा का एलान किया है। कोर्ट ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को दोषी करार दिया था।
वहीं, कोर्ट ने इस मामले की सुनवाई करते हुए बाकी आरोपी तंजीम, जेनी और रिजवान को बरी करने का फैसला लिया है। 2 अप्रैल 2016 को मुख्य आरोपी मुनीर और रैय्यान ने गोली बरसाकर एनआईए अफसर तंजील और उनकी पत्नी फरजाना को गोली बरसाकर मौत के घाट उतार दिया था।
इससे पहले एडीजे गैंगस्टर कोर्ट डॉ. विजय कुमार ने गैंग बनाकर हत्या, लूट आदि गंभीर अपराध कर उत्तर प्रदेश, दिल्ली और अन्य राज्यों में आतंक मचाने के मामले में दोषी पाते हुए गैंगस्टर मुनीर को 10 वर्ष के कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई थी। मुनीर के साथी रैय्यान को भी पांच साल की कारावास और 50 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई गई थी।
यह भी पढ़ें: दोस्ती में मिला धोखा: युवक ने लड़की से पहली की दोस्ती, फिर तस्वीर वायरल कर रिश्ता तुड़वाने की धमकी दे रहा सिरफिरा
बताया गया कि एनआईए अफसर की पत्नी समेत हत्या के मामले में भी कोर्ट ने शुक्रवार को दोनों आरोपियों को दोषी करार दे दिया। कोर्ट ने मामले में दोनों आरोपियों को आज सजा का एलान करने का फैसला किया। जिसके बाद आज कोर्ट में दोनों को फांसी की सजा सुनाई गई।
बता दें कि सजा सुनाए जाने को लेकर कोर्ट परिसर में पुलिस सुबह से ही चाक-चौबंद रही। कोर्ट के भीतर भी पुलिस का कड़ा पहरा रहा। सुबह भी पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। बताया गया कि केवल केस से जुड़े लोग ही अंदर गए, अन्य किसी को कोर्ट के भीतर जाने की अनुमति नहीं थी।
जनपद बिजनौर और अन्य राज्यों में हत्या, लूट, डकैती जैसे जघन्य अपराध कर इन्होंने धन अर्जित किया है। मुनीर ने अपने साथियों के साथ मिलकर एनआईए के डिप्टी एसपी तंजील अहमद और उनकी पत्नी फरजाना की हत्या की थी। वहीं धामपुर में पंजाब नेशनल बैंक की कैशवैन से 95 लाख रुपये की रकम लूट ली थी।
मुनीर पर दर्ज हैं 35 मुकदमे
पुलिस के अनुसार बताया गया कि मुनीर पर 35 मुकदमे दर्ज हैं। बिजनौर, दिल्ली, अलीगढ़ समेत अन्य राज्यों में मुनीर पर केस दर्ज हैं। मुनीर पर हत्या, लूट और अन्य अपराधों के 13 मुकदमे बिजनौर जिले में ही दर्ज हैं।
यह भी पढ़ें: LLB Student Murder: हिस्ट्रीशीटर ने दिन निकलते ही बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां, लॉ के स्टूडेंट ने दोड़ा दम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
यह था पूरा घटनाक्रम
राष्ट्रीय जांच एजेंसी में डिप्टी एसपी रहे तंजील अहमद को हत्यारों ने गोलियां बरसाकर छलनी कर दिया था। तंजील अहमद के शरीर में गोली घुसने और निकलने के 33 घाव थे, जबकि उनकी पत्नी के शरीर में गोली लगने के छह घाव मिले थे। अत्याधुनिक हथियारों से गोली चलाकर हत्याकांड को अंजाम दिया गया था। डिप्टी एसपी के बेटे शाहबाज और बेटी जिमनिश ने सीट के नीचे घुसकर जान बचाई थी। पूरे हत्याकांड को दो मिनट में ही अंजाम दे दिया गया था।
रात में करीब एक बजे तंजील अहमद और उनका भाई रागिब दोनों अपनी गाड़ी से बैंक्वट हाल से निकले तो मुनीर व रैय्यान ने अपनी बाइक तंजील की गाड़ी के पीछे लगा ली। इसके बाद मौका पाते ही मुनीर ने गाड़ी चला रहे तंजील अहमद पर पिस्टल से गोलियां बरसा दीं।
पिस्टल से गोलियां दागने के बाद रैय्यान से रिवाल्वर लिया और फिर गोलियां बरसाईं। रागिब की पीछे से गाड़ी आती देख दोनों सहसपुर की ओर फरार हो गए। रैय्यान ने पुलिस को बताया कि जैनी से मुनीर ने अपनी बाइक, बैग लिया और रात में ही अकेला भाग निकला। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए।
रैय्यान ने पुलिस को बताया कि तंजील ने एक बार उसकी फूफी से बदसलूकी की थी और उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। इस वजह से वह बदले की आग में झुलस रहा था और तंजील से बदला लेना चाहता था। आज कोर्ट में इस मामले में आरोपियों को फांसी की सजा का एलान किया गया।
शिक्षिका थीं डिप्टी एसपी की पत्नी
तंजील की पत्नी फरजाना खातून दिल्ली के बाटला हाउस जामिया नगर के गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सरकारी टीचर थीं। उस समय 16 साल की बेटी जिमनिश कैंब्रिज स्कूल श्रीनिवासपुरी में पढ़ती थी। उसने उस समय दसवीं के पेपर दिए थे। बेटे शाहबाज की उम्र 12 साल थी, जो सातवीं कक्षा में पढ़ता था।