नजीबाबाद में बाजारों में सन्नाटा, सड़कें रहीं सुनसान
नजीबाबाद। प्रशासन की सख्ती के चलते नगर तथा आसपास के क्षेत्रों के बाजार शनिवार को पूरी तरह बंद रहे। नर्सिंग होम और क्लीनिक के साथ मेडिकल स्टोर खुले रहे।
कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए घोषित कोरोना कर्फ्यू के बाद नजीबाबाद, साहनपुर, मंडावली, भागूवाला, नांगलसोती तथा आसपास के क्षेत्रों के बाजार बंद रहे लोग घरों में कैद रहे। आवश्यक कार्यों से ही कुछ लोगों की आवाजाही रही। एसडीएम परमानंद झा, सीओ गजेंद्र पाल सिंह, थाना प्रभारी दिनेश गौड़, एसएसआई राजीव चौधरी ने पुलिस टीम के साथ नजीबाबाद क्षेत्र में गश्त कर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने वालों की जमकर क्लास ली। नगर के बाजार, मुख्य चौराहे सूने रहे। नांगलसोती के थानाध्यक्ष संजय पांचाल, मंडावली के थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल ने कोरोना कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए क्षेत्र में गश्त की। एसडीएम और सीओ ने नागरिकों से सोमवार सुबह तक कर्फ्यू का पालन करने, अनावश्यक रूप से घर से बाहर न आने की सलाह दी।