खाद्य पदार्थों के लिए नमूने, पांच क्विंटल अचार कराया नष्ट
नजीबाबाद। एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम के साथ कई प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर सॉस, नमकीन और बेसन के लड्डू के नमूने लिए। एक प्रतिष्ठान पर रखा पांच क्विंटल अचार नष्ट करा दिया गया।
एसडीएम संगीता ने मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी जेपी सिंह, खाद्य सुरक्षा अधिकारी वाईडी आर्य, रामवीर सिंह और जितेंद्र कुमार की टीम के साथ नजीबाबाद में कई प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर जांच की। टीम ने नामदेव फूड, पंडित जी नमकीन और गिरवर ग्रामोद्योग पर बनाए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच की। जांच के दौरान प्रतिष्ठानों पर सफाई का प्रबंध न रखने पर एसडीएम ने नाराजगी व्यक्त की। ग्रामोद्योग संस्थान पर अचार में फफूंदी लगी मिलने पर एसडीएम ने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से 500 किलोग्राम अचार नष्ट कराया। मुख्य खाद्य निरीक्षक जेपी सिंह ने बताया कि विभिन्न प्रतिष्ठानों से सॉस, नमकीन, बेसन के लड्डू आदि के नमूने लिए गए हैं। नमूने जांच के लिए राजकीय जन विश्लेषक प्रयोगशाला वाराणसी को भेजे जाएंगे।