सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थाओं में मतदान करने का दिलाया संकल्प
धामपुर। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालय में सोमवार को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। इस मौके पर सभी सरकारी कार्यालय, शिक्षण संस्थानों में गोष्ठियों का आयोजन हुआ। सभी ने मतों का प्रयोग करने और एक विकासशील सरकार बनाने का संकल्प ग्रहण किया।
ब्लाक सभागार में मतदाता दिवस पर मिशन नारी शक्ति की गोष्ठी हुई। जिसमें स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं ने भाग लिया। इस मौके पर सभी को प्रभारी बीडीओ दीनदयाल सिंह, अनिल कुमार सहायक विकास अधिकारी पंचायत ने शपथ दिलाई। एसबीडी कालेज में संपन्न हुए कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी धीरेंद्र सिंह ने शपथ दिलाई। कहा मतदान हमारा अधिकार है। एक दिन की सीओ जानवी चौहान और एसडीएम गीतांजली राजपूत ने भी मतदान के प्रति जागरूक किया। प्रबंधक विजय कुमार ने कहा सभी अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग करें। इस मौके पर बेहतर कार्य करने वाले बीएलओ को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। रासेयो की स्वयंसेविका अक्शा रियाज, आरजू प्रजापति, निशा, अजरा, दीपाली, कंचन आदि ने गीत व कविता के माध्यम से सभी को मतदान के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर एक दिन की एसडीएम गीतांजलि राजपूत और तहसीलदार आरसी चौहान, आरके सुनील कुमार शर्मा मौजूद रहे।