मतगणना से एक दिन पूर्व ही स्थल पर पहुंच जाएं : राकेश टिकैत
नहटौर (बिजनौर)। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने नहटौर में कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचकर शिविर लगाने वालों की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव की मतगणना से एक दिन पूर्व ही मतगणना स्थल पर पहुंचकर सतर्क रहें। किसानों का आंदोलन समाप्त नहीं हुआ है, बल्कि स्थगित हुआ है।
अफजलगढ़ जाते समय भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत का गांव कोकापुर के अड्डे पर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह नूरपुर मार्ग स्थित एक कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचे तथा कांवड़ियों को फल वितरित किए। उन्होंने कहा कि किसानों ने अपना आंदोलन समाप्त नहीं किया हैं, केवल स्थगित किया था। कानून वापसी के अलावा किसानों की अन्य भी मांगें हैं। जिन पर बात करने के लिए सरकार ने कमेटी गठित करने का आश्वासन दिया था। सरकार अपने वादे से मुकर रही है। उन्होंने कहा कि मतगणना गड़बड़ी को लेकर सजग रहें। इसके लिए नौ मार्च को ही मतगणना स्थल पर पहुंच जाएं। इस अवसर पर भाकियू के ब्लॉक महासचिव अरुण चौधरी, रिंकू राठी, हरगोविंद सिंह, सुभाष कुमार, अंकित चौधरी, अमित कुमार, देवेंद्र चौधरी, रवि शेखर तोमर, धर्मेंद्र चौधरी, पुष्पेंद्र कुमार आदि मौजूद रहे।